सराहां (सिरमौर)। जिला सिरमौर में बढ़ती चोरी की वारदातों से लोग सहम उठे हैं। एक के बाद पेश आ रही वारदातों से लोगों में दहशत पैदा हो गई है। पांवटा के बाद अब सराहां के गागल शिकोर व औद्योगिक नगरी कालाअंब में चोरी की अलग-अलग वारदातें सामने आई हैं। गागल शिकोर में चोरों ने नकदी व गहनों पर हाथ साफ कर लिया। वहीं कालाअंब इलाके में चोर मंदिर से ही गुल्लक उड़ा ले गए। जानकारी के अनुसार पच्छाद क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गागल शिकोर में रविवार की रात को चोरों ने ताले तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया।
चोरों ने एक घर के चार ताले तोड़कर घर के भीतर सेंधमारी की। इसके अलावा चोरों ने साथ ही लगते शिरगुल मंदिर का ताला तोड़कर भी मंदिर में चढे़ चढ़ावे पर भी हाथ साफ किया। इस घटना से पूरे क्षेत्र में डर का माहौल पैदा हो गया है। किराए के मकान में रह रहे सुरेश शर्मा ने पुलिस में दर्ज शिकायत में बताया कि स्कूल से छुट्टी होने के कारण वह घर गया हुआ था। सोमवार को जब वह अपने निवास पर पहुंचा तो देखा कि कमरे के मुख्य दरवाजे का ताला टूटा था। यही नहीं घर के भीतर अन्य दो कमरों व रसोई घर का भी ताला टूटा पाया गया। घर का सारा सामान तितर बितर देखकर वह सहम गया।
कमरे के भीतर रखी गोदरेज की अलमीरा भी चोरों ने तोड़ डाली। बैड बॉक्स को भी चोरों ने खोला हुआ था।
उन्होंने पुलिस को बताया कि चोरों ने दो चांदी की पायलों के अलावा सोने की दो तीलियां भी चोरी कर ली। वहीं मंदिर के दरवाजे का ताला भी चोरों ने तोड़ डाला। बजगा पंचायत प्रधान धनवीर सिंह ने बताया की इस घटना से पूरी पंचायत में डर का माहौल है, क्योंकि इस तरह की घटना क्षेत्र में कभी नहीं हुई।
थाना प्रभारी पच्छाद जयराम डोगरा ने बताया कि सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर गई है। मामले की गंभीरता से छानबीन की जा रही है। पुलिस थाना पच्छाद में अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस हर पहलू से जांच में जुट गई है।
बाक्स
शीघ्र ही चोर पकड़ा जाएगा : थाना प्रभारी
कालाअंब (सिरमौर)।
औद्योगिक नगरी कालाअंब के तहत सैनवाला गांव में माता भद्रकाली मंदिर में अज्ञात चोरों ने गल्ले से नकदी चुरा ली। घटना रविवार देर रात की है। सुबह कुछ ग्रामीणों ने मंदिर का गल्ला खुला देखा तो ग्राम पंचायत प्रधान संदीपन को इसकी सूचना दी। प्रधान ने मौके पर पहुंचकर पुलिस को सूचित किया। कालाअंब थाना प्रभारी योगेंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस ने मौके का मुआयना करके मामला दर्ज कर लिया है। गल्ले में कितने रुपये थे, इसका भी किसी को पता नहीं है। इस मामले में तीन संदिग्ध लोगों से पूछताछ भी की गई है। जल्द ही चोर पकड़ा जाएगा।
---------------------