स्कूली विद्यार्थियों के लिए नशीली दवाओं की तस्करी करने वाले एक शातिर आरोपी को पुलिस ने नशीले कफ सिरप की 56 शीशी के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी लंबे समय से नशीली दवाओं का सेवन भी करता रहा है और तस्करी में भी संलिप्त है।
पुलिस अधीक्षक सिरमौर सौम्या साम्बशिवान ने मंगलवार को खुलासा किया कि आरोपी प्रीतम सिंह (42) निवासी मकान नंबर-2232/4 मोहल्ला शमशेर गंज नाहन जिला सिरमौर के कब्जे से पुलिस ने नशीली कफ सिरप 100 मिलीलीटर की 56 बोतलें बरामद की हैं। आरोपी लंबे समय से नाहन और आसपास क्षेत्र में इसकी तस्करी कर रहा था।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह नशीले पदार्थ को सिरमौर और हरियाणा की सीमा से लगते हरिपुरखोल और बिलासुपर के आसपास से लेकर आता है और नाहन में एक-एक शीशी 200 रुपये से अधिक दामों में बेचता है। आरोपी पहले भी एनडीपीएस एक्ट में गिरफ्तार हो चुका है। नशीली दवाओं की तस्करी में आरोपी के और कौन-कौन साथी संलिप्त हैं, पुलिस इसका भी पता लगा रही है।
एसपी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ धारा-21 एनडी एंड पीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी को नाहन कोर्ट में पेश किया गया जहां उसे तीन दिन का पुलिस रिमांड मिला है। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि नशीली दवाओं की तस्करी के खिलाफ सिरमौर पुलिस का अभियान जारी रहेगा।