पांवटा साहिब (सिरमौर)।सुरक्षा शाखा एवं पांवटा पुलिस की संयुक्त टीम ने चूरा पोस्त के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। टीम ने आरोपी से 4 किलो 750 ग्राम चूरा पोस्त बरामद किया है। रामपुरघाट-पट्टी नत्था सिंह मार्ग पर कैरी बैग से चूरा पोस्त लेकर पैदल जा रहे आरोपी को दबोचने में सफलता हासिल की।
जानकारी के अनुसार रविवार देर शाम को मुख्य आरक्षी देवेंद्र सिंह, सुरक्षा शाखा टीम के मुख्य आरक्षी सेवा सिंह, एचसी राजेंद्र सिंह व आरक्षी नवराज की संयुक्त टीम ने पांवटा के पट्टीनत्था सिंह-रामपुरघाट पर नाका लगाया था। सूचना थी कि कुछ अवैध कारोबारी नशे की खेप इस क्षेत्र में पहुंचाते हैं। इसके बाद सुरक्षा शाखा व पांवटा थाना पुलिस टीम ने इस क्षेत्र में चौकस नजर रखना शुरू कर दिया। टीम शाम तक आने वालों पर पैनी नजर रखे थी।
इस बीच हरिपुर टोहाना निवासी शौकिन अली (42) पुत्र हुसनदीन दूर से टीम को पैदल मार्ग पर आता नजर आया। पुलिस द्वारा लगाए गए नाके को देखकर आरोपी घबरा गया। पुलिस टीम ने शौकिन के कैरी बैग की तलाशी ली। इस दौरान बैग में 4 किलो 750 ग्राम चूरा पोस्त बरामद किया गया। इसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
उधर, डीएसपी पांवटा भीष्म ठाकुर ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि हरिपुर टोहाना निवासी आरोपी शौकिन अली(42) पुत्र हुसनदीन के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद पुलिस ने मामले में आगामी छानबीन शुरू कर दी है।
बाक्स--
175 ग्राम चरस साथ एक गिरफ्तार
पांवटा साहिब (सिरमौर)।
राजबन पुलिस टीम ने चरस समेत एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरिपार से अवैध नशे की खेप लेकर आरोपी क्षेेत्र में डिलिवरी देने पहुंचा था। पुख्ता सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने नाका लगा कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। जानकारी के अनुसार राजबन पुलिस चौकी के मुख्य आरक्षी राम कुमार की टीम ने राजबन-शिलाई मार्ग पर नाका लगाया था। इस बीच राजबन से मालगी मार्ग के समीप पैदल पहुंचा एक व्यक्ति पुलिस टीम को देखते ही हड़बड़ा गया। युवक ने भागने के प्रयास किए लेकिन पुलिस टीम ने व्यक्ति का पीछा कर पकड़ लिया। आरोपी की तलाशी ली गई तो 175 ग्राम चरस बरामद हुई। इसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
उधर, थाना प्रभारी पांवटा अशोक चौहान ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि राजबन पुलिस टीम ने नाके में आरोपी कर्म सिंह (47) पुत्र चेत राम निवासी बड़वास को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपी को माननीय अदालत में पेश करने के बाद पुलिस रिमांड मिला है।