नौहराधार (सिरमौर)। नौहराधार के अंतर्गत आने वाले फागली गांव में मंगलवार रात एक कार अनियंत्रित होकर करीब 150 फुट नीचे खाई में गिर गई जिससे उसमें सवार मां और बेटा गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को उपचार के लिए सोलन अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार 22 वर्षीय संजीव कुमार अपनी मां नारदा देवी (45) के साथ लवाण धार से शिमला जा रहे थे। फागली के समीप कार अनियंत्रित होकर खाई में गिर गई। स्थानीय निवासी अजय ने गाड़ी गिरी देखी तो इसकी सूचना ग्रामीणों को दी। ग्रामीणों ने तुरंत दोनों को पीएचसी नौहराधार पहुंचाया जहां प्राथमिक उपचार करने के बाद उन्हें सोलन के लिए रेफर किया गया। एसपी सौम्या साम्बशिवन ने बताया कि पुलिस मामला दर्ज कर छानबीन में जुट गई है।