पांवटा साहिब (सिरमौर)। देहरादून-पांवटा-कालाअंब एनएच-7 पर पातलियों के समीप एक तेज रफ्तार वाहन ने 11 साल की बालिका को कुचल दिया जिससे उसकी मौत हो गई। बच्ची सड़क किनारे खड़ी थी। परिजनों व स्थानीय लोगों ने घायल बालिका को अस्पताल पहुंचाया जहां पर उसने दम तोड़ दिया। पांवटा थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। वाहन चालक हादसे के बाद गाड़ी लेकर मौके से फरार हो गया। हालांकि, पुलिस ने गाड़ी बरामद कर ली है लेकिन चालक अभी भी फरार बताया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार महेश कुमार पुत्र रामनाथ गुप्ता निवासी मुहल्ला सोनारण टोका पोओ व तहसील मोहोली जिला सितापुर उत्तर प्रदेश पातलियों में किराये के कमरे में रहता है। युवक पुरुवाला की एक इकाई में कार्यरत है। वह परिवार सहित पातलियों में रहता है। रविवार को सुबह करीब 5.45 पर उनकी बेटी मुस्कान (11) सड़क के किनारे खड़ी थी। इस बीच माजरा की तरफ से तेज रफ्तार पिकअप (एचपी 71-3832) के चालक ने गलत दिशा में आकर मुस्कान को टक्कर मार दी और पिकअप को पांवटा की तरफ लेकर भाग गया।
हादसे में गंभीर रुप से घायल बालिका को परिजन सिविल अस्पताल पांवटा लेकर पहुंचे। डॉ. सीमा राघव ने बच्ची को मृत घोषित किया। हादसे की सूचना मिलने पर पांवटा थाना से मुख्य आरक्षी विरेंद्र सिंह व आरक्षी सुरेंद्र दत्त मौके पर पहुंचे। सूचना मिलने के बाद वाहन को जांच टीम ने पांवटा के समीप बरामद कर लिया लेकिन आरोपी चालक फरार बताया जा रहा है। पुलिस टीम आरोपी चालक की तलाश कर रही है।
उधर, भीष्म ठाकुर ने मामले की पुष्टि की है। डीएसपी ने कहा कि पातलियों के समीप एनएच पर सड़क हादसा हुआ है। हादसे में मृतक मुस्कान (11) का पोस्टमार्टम करवा कर शव परिजनों को सौंप दिया गया है। मौके से फरार आरोपी चालक के खिलाफ आईपीसी की धारा 279, 304(ए) व 187 एमवी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है।