जिला पुलिस ने हिमाचल में नशीली दवाओं की सप्लाई करने वाले पंजाब और हरियाणा के चार सरगनाओं को गिरफ्तार किया है। अभी तक पुलिस नशीली दवाओं को बेचने वालों को ही गिरफ्तार करने में सफल रही थी। पहली बार सिरमौर पुलिस ने राज्य से बाहर ड्रग माफिया गिरोह को पकड़ने में कामयाबी हासिल की है। इन माफियाओं का जाल सिरमौर ही नहीं, पूरे हिमाचल में फैला हुआ है।
पुलिस अधीक्षक सौम्या सांबशिवान ने रविवार को प्रेसवार्ता करते हुए बताया कि पुलिस ने रविवार तड़के नाहन-कालाअंब सड़क पर नाकाबंदी के दौरान टाटा इंडिगो कार संख्या-यूके0एडब्ल्यू-1570 से दो आरोपी रियाजुल (34) पुत्र मोहम्मद यासीन निवासी चौराखुर्द तहसील सहारनपुर उत्तर प्रदेश तथा रितेश कुमार (43) पुत्र सतीश कुमार निवासी कोटा थाना नागल जिला सहारनपुर को नशे के जखीरे के साथ गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों से 4032 नशीले कैप्सूल, कफ सिरप की 90 शीशियां बरामद की गई हैं।
पुलिस अधीक्षक सौम्या साम्बशिवान ने बताया कि एक अन्य कार्रवाई में एसआईयू नाहन पुलिस टीम ने शनिवार रात नाहन-पांवटा साहिब मार्ग पर नाकाबंदी के दौरान इंडिका विस्टा कार संख्या यूके07एएफ-2437 से दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार दिनेश (28) पुत्र मांगे राम गांव अहमदपुर तहसील व थाना रामपुर मनीयारन जिला सहारनपुर तथा विनीत गुज्जर (27) पुत्र जगपाल सिंह विशाल विहार कॉलोनी सहारनपुर के कब्जे से पुलिस ने 2880 नशीले कैप्सूल, कफ सिरप की 243 शीशियों सहित 950 नशीली गोलियां बरामद की हैं। एसपी ने बताया कि सभी आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस आरोपियों को अदालत में पेश करेगी।