नाहन (सिरमौर)। बिजली बोर्ड के कच्चा टैंक स्थित सब डिविजन कार्यालय में मंगलवार रात अचानक आग लग गई। हालांकि, भवन को नुकसान नहीं हुआ लेेकिन कार्यालय में रखे जरूरी दस्तावेज और रिकार्ड जलकर स्वाह हो गया है।
बताया जा रहा है कि इस घटना में विभाग की जरूरी फाइलें, रसीद बुकें आदि जल गई हैं। आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। विभाग ने इस संदर्भ में पुलिस में एफआईआर दर्ज करवा दी है। वहीं, अधिशासी अभियंता ने सहायक अभियंता से आग में जले तमाम रिकार्ड की रिपोर्ट तलब की है।
जानकारी के अनुसार मंगलवार रात बिजली बोर्ड के सब डिविजन कार्यालय के रिकार्ड रूम में अचानक आग लग गई। बताया जा रहा है कि आग की भेंट चढ़े रिकार्ड में बिजली बिलों की रसीद बुकें और कुछ अन्य फाइलें जल गई हैं। विभाग उपभोक्ताओं को दी जाने वाली रसीद बुकों के जलने को गंभीरता से ले रहा है। इस बारे पुलिस थाना में मामला दर्ज करवाया गया है।
उधर, बिजली बोर्ड के अधिशासी अभियंता पीसी दत्ता ने बताया कि आग लगने की सूचना के बाद पुलिस में एफआईआर दर्ज करवा दी गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। उन्होंने बताया कि विभाग अपने स्तर पर भी मामले जांच करेगा। आग लगने से कौन-कौन से दस्तावेज जले, इसका पूरा रिकार्ड एसडीओ से मांगा गया है।