नाहन (सिरमौर)।नेहरस्वार से पांवटा साहिब के लिए रेत-बजरी लेने 24 नवंबर को निकला टिप्पर सात दिन बाद सैनधार के पाठना में दुर्घटनाग्रस्त पाया गया। इस सड़क हादसे में चालक चमन व क्लीनर संजू की मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि दोनों चचेरे भाई थे। पुलिस ने बुधवार देर शाम को दोनों व्यक्तियों का शव शत विक्षित अवस्था में मिला। पिछले सात दिन से नेहरस्वार निवासी चमन व संजू को ढूंढने के लिए सर्च अभियान जारी था। इस मामले में पांवटा साहिब पुलिस थाना में भी मामला दर्ज करवाया गया था। इसके बाद बुधवार को रेणुका पुलिस में भी मामला दर्ज कराया गया। पुलिस को मिली जानकारी के बाद पुलिस की टीम पनार के मोलर के समीप पहुंची। पाठना के समीप गहरी खाई में टिप्पर दुर्घटनाग्रस्त पाया गया।
देर शाम तक पुलिस के साथ टिप्पर मालिक चमन के अलावा चालक व परिचालक के परिजन भी मौके पर पहुंचे। उल्लेखनीय है कि नेहरस्वार से रेत-बजरी लेने के लिए यह टिप्पर 24 नवंबर को पांवटा के लिए रवाना हुआ था लेकिन टिप्पर के वापिस न पहुंचने के कारण टिप्पर के मालिक व अन्य परिजनों ने चालक व परिचालक से संपर्क साधने की काफी कोशिशें की लेकिन कोई संपर्क न हुआ। इसके बाद पुलिस थाना में मामले दर्ज करवाए गए।
धौलाकुआं में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगालने के बाद टिप्पर के ददाहू रोड पर रवाना होने के बारे में पता चला। इसके बाद मोबाइल लोकेशन को ट्रेस किया गया। ट्रेस हुई लोकेशन से भी इनकी जानकारी नहीं मिल पाई। पुलिस को जिस लोकेशन की जानकारी मिली, वहां पर इन्हें ट्रेस नहीं किया जा सका।
बुधवार को सैनधार इलाके के एक गांव की महिला ने घास काटने के वक्त टिप्पर को खाई में गिरा पाया। इसके बाद टिप्पर की सूचना पुलिस को दी गई। बुधवार देर शाम को पुलिस मौके पर पहुंची, जहां पर चालक व परिचालक मृत अवस्था में पाए गए।
उधर मामले की पुष्टि करते हुए रेणुका पुलिस थाना के एएसआई रघुवीर सिंह ने बताया कि मौके पर गई पुलिस को चालक व परिचालक मृत अवस्था में मिले।