हिमाचल-उत्तराखंड सीमा क्षेत्र से लगते पांवटा के एसवीएम स्कूल में चोरी का मामला प्रकाश में आया है। चोर स्कूल का ताल तोड़कर दो कंप्यूटर सिस्टम उड़ाकर ले गए। चौकीदार स्कूल परिसर में तैनात है। इसके बावजूद चोर बेहद सफाई से चोरी की वारदात को अंजाम दे गए। पांवटा सरस्वती विद्या मंदिर स्कूल प्रबंधन ने पुलिस थाने में चोरी का मामला दर्ज करवाया है।
सरस्वती विद्या मंदिर पांवटा की प्रधानाचार्य आरती पराशर ने कहा कि सांसद निधि से दो कंप्यूटर सिस्टम करीब 60 हजार रुपये के मिले थे। चोरों ने कार्यालय परिसर का ताला तोड़ा। कार्यालय में रखे सीपीयू समेत 2 कंप्यूटर सिस्टम चोरी कर लिए। स्कूल के चौकीदार ने सुबह करीब साढ़े 5 बजे ताला टूटा देखा तो स्कूल प्रबंधन को सूचित किया। प्रधानाचार्य ने कहा कि पुलिस थाना पांवटा में शिकायत दर्ज करवा दी गई है। जिसके बाद पुलिस टीम ने मौके पर आकर मुआयना किया।
उधर, डीएसपी पांवटा भीष्म ठाकुर ने पुष्टि करते कहा कि एसवीएम स्कूल पांवटा में चोरी की शिकायत मिली है। 2 कंप्यूटर सिस्टम चोरी होने के मामले की जांच की जा रही है।
चोर गिरोह के निशाने पर शैक्षणिक संस्थान
बताते चलें कि पिछले कुछ समय से पांवटा के शैक्षणिक संस्थान चोर गिरोह के निशाने पर हैं। इससे पहले पांवटा राजकीय महाविद्यालय से लाखों के कंप्यूटर व ग्लोबल अकादमी स्कूल में ताला तोड़कर नलके उड़ा लिए गए थे। पांवटा के वार्ड-11, 10 व 9 वार्ड समेत आसपास वार्डों में टैंकों पर लगे लोहे के चैंबर व नलके उड़ाने की कई चोरियों क्षेत्र में हो चुकी हैं।