नाहन (सिरमौर)। नाहन शहर के नया बाजार में शनिवार रात करीब पौने 12 बजे एक निजी पार्किंग में एक आल्टो कार (एचपी18बी-0155) में अचानक ही आग लग गई। कार से आग की लपटे उठती देख लोगों में भी अफरा तफरी मच गई लेकिन दमकल विभाग को कार में आग की लपटें उठने की सूचना मिलते ही विभाग के कर्मियों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पा लिया।
प्रत्यक्षदर्शी पूजा कंवर ने बताया कि रात के समय धमाका सुनाई दिया। इसके बाद तत्काल ही मौके पर पहुंचे दमकल विभाग के कर्मियों ने आग पर काबू पाया। दमकल विभाग के अनुसार लगभग 40 हजार रुपये के नुकसान को आंका गया है। रिहायशी इलाके के आसपास 14 अन्य गाड़ियां भी पार्क थीं। गनीमत यह रही कि मौके पर पहुंच विभाग के कर्मियों ने दूसरी गाड़ियों को भी बचा लिया। फायरमैन कर्मी राकेश, रविंद्र, चंद्रवीर, जय प्रकाश व चालक भूपेंद्र आदि ने आग पर काबू पाया।
-------------