पांवटा साहिब (सिरमौर)। पांवटा साहिब उपमंडल के अंतर्गत पुरूवाला में शनिवार देर शाम हुए सड़क हादसे में एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। नेशनल हाईवे पर पुरूवाला के समीप एक युवक अपनी बाइक को तेज रफ्तार से चलाते हुए आया और एक रेहड़ी वाले को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी खतरनाक थी कि रेहड़ी से टकराकर बाइक सवार लगभग डेढ़ सौ फुट आगे जाकर गिर गया जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। अभी तक मृतक की पहचान नहीं हो पाई है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार बाइक नंबर पीबी 37जी-3368 पर सवार युवक पांवटा साहिब से नाहन की तरफ जा रहा था। तेज रफ्तार के चलते बाइक सवार पुरूवाला के समीप सड़क किनारे एक रेहड़ी से जा टकराया। बाइक-रेहड़ी के बीच इतनी जबरदस्त टक्कर हुई कि बाइक सवार करीब 150 फुट दूर गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया। वहां मौजूद लोगों की सहायता से उसे तुरंत पांवटा साहिब अस्पताल पहुंचाया गया जहां उसकी मौत हो गई।
मामले की पुष्टि थाना प्रभारी अशोक चौहान ने की है। उन्होंने बताया कि इस संदर्भ में मामला दर्ज कर छानबीन की जा रही है। मृतक युवक कौन है और कहां का है इसका पता लगाया जा रहा है। अभी तक उसकी शिनाख्त नहीं हो पाई है। पुलिस ने दुर्घटना का मामला दर्ज किया है।