नाहन(सिरमौर)। पिछले कुछ दिनों से नोटों के लिए जद्दोंजहद कर लोगों की दिक्कतें थमने का नाम नहीं ले रही हैं। बुधवार को शहर के अधिकतर एटीएम कंगाल नजर आए जिसकी वजह से लोग सुबह से शाम तक नोटों के लिए यहां-वहां भटकते नजर आए। अधिकतर एटीएम का शटर गिरा होने के कारण लोग निराश होकर घर लौट गए। लोगों को उम्मीद थी कि एटीएम मशीनें आंशिक रूप से ही सही उनकी कुछ मदद कर देंगी लेकिन छोटे नोट उपलब्ध न होने के कारण शहर के अधिकतर एटीएम बुधवार को बंद रहे।
शहर में भारतीय स्टेट बैंक का एटीएम ही दिन में क्रियाशील नजर आया जिसमें से पैसे निकालने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ी रही। शेष सभी बैंकों के एटीएम या तो बंद रहे या फिर खाली नजर आए। ऐसा होने से पैसे निकालने के लिए एटीएम पहुंचे लोगों की सारी उम्मीदों पर पानी फिर गया। अधिकतर परेशानी शहर के दूर दराज क्षेत्रों व ग्रामीण क्षेत्रों से आए लोगों को उठानी पड़ी। किराया खर्च कर या फिर कई किलोमीटर पैदल सफर कर नाहन पहुंचे लोग एटीएम न चलने से खुद ठगे महसूस करते पाए गए। बैंकों में उमड़ी भीड़ के बीच कुछेक तो नोट बदलवाने या कैश निकालने में सफल रहे लेकिन अधिकतर को खाली हाथ वापिस घर लौटना पड़ा।
एटीएम पहुंची अनिशा सिंह, भारती शर्मा, शिल्पा, पंकज, अंकुश, दाताराम, नरोता राम, गुरविंद्र आदि ने बताया कि उन्हें उम्मीद थी कि एटीएम से वह पैसा निकाल कर अपनी समस्या हल कर लेंगे लेकिन एटीएम बंद हैं। उन्होंने कहा कि एसबीआई का एटीएम ही बुधवार को सक्रिय था और वह भी बाद में नोट उपलब्ध न होने के कारण बंद हो गया। उन्होंने बताया कि जब वह नोट बदलवाने के लिए बैंक या पोस्ट आफिस पहुंचे तो वहां उन्हें सिक्के ही उपलब्ध करवाए गए। जबकि ग्रामीण क्षेत्रों के अधिकतर लोगों को तो वापिस ही लौटना पड़ा।
---------------