अमर उजाला ब्यूरो
नौहराधार / राजपुर (सिरमौर)।
जिला सिरमौर में तेज तूफान ने फिर दस्तक दी है। नौहराधार इलाके में भारी तूफान आने से बांदल कफलाह पंचायत में 5 मकानों की छत उड़ गई। क्षेत्र में पिछले 22 घंटे से बिजली आपूर्ति ठप है। तूफान के कारण कई मकान भी क्षतिग्रस्त हो गए हैं। इससे ग्रामीणों को लाखों रुपये का नुकसान पहुंचा है।
जानकारी के अनुसार मंगलवार शाम आए तेज तूफान से बबराह निवासी जातिराम के तीन कमरों वाले मकान की छत उड़ गई। तूफान इतना तेज था कि छत से उड़ी चदरें 100 से 150 मीटर नीचे खेतों में जा गिरी। तूफान के बाद भारी बारिश होने के कारण मकान में रखी लहसुन की फसल खराब हो गई। मकान में रखे अन्य समान को भारी नुकसान हुआ है।
जातिराम का तीन लाख से अधिक के नुकसान का अनुमान है। इसी पंचायत के बांदल निवासी रामलाल के गोशाला की पूरी छत उड़ गई है। उनके मकान की छत से भी कुछ चादरें उड़ गईं। लिहाजा बारिश का सारा पानी मकान में घुस गया। मकान में पानी घुसने से लहसुन की फसल को नुकसान हुआ है।
वहीं मंझोली पंचायत के मझोली निवासी चेतराम के मकान की छत भी तूफान की भेंट चढ़ गई। बांदल कफलाह पंचायत की प्रधान हेमलता शर्मा ने बताया कि जातिराम व रामलाल के मकान को भारी क्षति हुई है। उन्होंने प्रशासन व सरकार से तूफान पीड़ित परिवारों को मुआवजा देने की मांग की है। भारी तूफ़ान से इस क्षेत्र में 22 घंटे से अंधेरा पसरा हुआ है।
ग्रामीणों ने आरोप लगाए कि क्षेत्र में दो से तीन दिनों तक बिजली गुल होना आम बात हो गई है। तीन दिन बाद यदि बिजली आ भी जाए तो तीन घंटों के बाद फिर गुल हो जाती है।
बाक्स--
तेज हवाओं से भड़की आग, 5 हेक्टेयर जंगल राख
राजपुर के कंडेला जंगल में लगी आग में तेज तूफान ने और भड़का दी। इससे साल के दर्जनों बेशकीमती पेड़ राख हो गए। लगभग 5 हेक्टेयर जंगल को भारी नुकसान पहुंचा है। वन थाना पुरुवाला के अंतर्गत कंडेला जंगल में लगी आग से दर्जनों साल के कीमती पेड़ व लाखों की वन संपदा आग की भेंट चढ़ी। सबसे ज्यादा नुकसान कंपाउंड नंबर 4 और 5 में हुआ है। इसमें साल के बड़े-बड़े पेड़ आग की चपेट में आ गए। गांव कंडेला निवासी राजेश शर्मा, नेत्तर सिंह, रंगी लाल, रमेश चंद, रक्षा देवी, अमित, मनन, रेणू, राकेश, धनवीर, ज्ञान आदि ने बताया कि जंगल में लगी आग से लाखों की जड़ी-बूटियां एवं पशुचारा जल कर खत्म हो गया। उन्होंने कहा कि एक साथ आग और उसके बाद तेज आंधी तूफान से जंगल ज्यादा जला। कई पेड़ सड़क पर गिरे। बुधवार को भी सड़क बहाल नहीं हो पाई। वन विभाग के खंड अधिकारी सुंदर सिंह ने पुष्टि करते हुए कहा कि कंडेला जंगल में लगी आग से एक दर्जन के करीब पेड़ आग की भेंट चढ़े। करीब दो से तीन लाख का नुकसान होने का अनुमान है। कई पेड़ सड़क पर भी गिरे हैं।
------------