नाहन (सिरमौर)।
भारतीय स्टेट बैंक की नाहन शाखा के एक उपभोक्ता के बैंक खाते में सेंध लगी है। उपभोक्ता के खाते से 19,996 रुपये की राशि ट्रांसफर हुई है जिससे उपभोक्ता परेशान है। उपभोक्ता ने एसपी रोहित मालपानी को पत्र लिखकर साइबर क्राइम के तहत मामला दर्ज करने की गुहार लगाई है। उपभोक्ता का कहना है कि यह धन राशि गूगल आक्टरो आईएनसी के नाम पर ट्रांसफर हुई है। जबकि उन्होंने न तो किसी को अपना एटीएम कार्ड नंबर बताया और न ही पासवर्ड। बावजूद इसके यह राशि ट्रांसफर हुई। उन्होंने बैंक के शाखा प्रबंधक से भी इसकी शिकायत की है।
पुलिस को दिए बयान में उपभोक्ता वीरेंद्र कुमार अग्रवाल ने बताया कि उनका एसबीआई की नाहन शाखा में अकाउंट खुला है। उन्होंने एटीएम/डेबिड कार्ड ले रखा है। 23 अप्रैल को शाम करीब 7:15 बजे उन्हें मोबाइल पर अचानक मैसेज आया कि उनके खाते से 3999 रुपये ट्रांसफर हो गए हैं। उपभोक्ता ने बताया कि यह राशि गूगल आक्टरो आईएनसी के नाम पर हुई। इसके बाद उन्हें एक और मैसेज आया। इस बार 7899 रुपये ट्रांसफर हुए। जबकि 3999 रुपये और निकाले गए। उन्होंने बताया कि लगभग 14 मिनट में उनके 19,996 रुपये उड़ा लिए गए । 7:34 बजे उन्होंने अपना कार्ड ब्लॉक कर दिया।
उन्होंने कहा है कि वह अपना एटीएम कार्ड पैसे निकालने के अलावा कभी नहीं करते। इसके बाद उन्होंने इसकी जानकारी बैंक प्रबंधन और गुन्नूघाट स्थित पुलिस चौकी में भी दी है लेकिन अभी तक मामला दर्ज नहीं हुआ।
उधर, एएसपी वीरेंद्र ठाकुर ने बताया कि पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। इस संदर्भ में बैंक प्रबंधन से भी बात हुई। गलत तरीके से पैसे ट्रांसफर हुए हैं तो बैंक वापस कर देगा। बैंक प्रबंधन ने ऐसी बात कही है।
बॉक्स के लिए--
आखिर कैसे ट्रांसफर हो रहे पैसे
बैंक के खाते से पैसे कैसे ट्रांसफर हो रहे हैं। यह एक पहली बनी हुई है। 25 अप्रैल को आभा चौहान और अजीत चौहान के ज्वाइंट अकाउंट से भी लगभग 11 हजार रुपये ट्रांसफर हुए हैं। इन दोनों मामलों में खास यह है कि पहली बार 3999, दूसरी बार 7899 रुपये निकाले गए। उपभोक्ताओं का दावा है कि उन्हें मोबाइल पर न तो कोई फ्राड कॉल आई है और न ही किसी को एटीएम नंबर और पासवर्ड बताया गया।