अमर उजाला ब्यूरो
नाहन (सिरमौर)। शहर में सुनार की दुकान चलाने वाले एक व्यक्ति से धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। शातिर ने एक अनोखे अंदाज में सुनार को लाखों का चूना लगा दिया। दुकान पर आए शातिर ने पहले दुकानदार से सोना खरीदा और ऑनलाइन रकम चुकाने का भरोसा दे दिया। लेकिन, अभी तक खरीदे गए आभूषणों का भुगतान सुनार को नहीं किया गया है। लिहाजा, सुनार ने मामले की शिकायत पुलिस में दर्ज करवा दी है।
जानकारी के अनुसार शहर में ज्वेलरी की दुकान करने वाले संजीव को एक शातिर ने 1.24 लाख रुपये का चूना लगा दिया। आरोप है कि 18 मार्च को उसकी दुकान पर पहुंचकर आरोपी ने रेणुका मंदिर में सुखना देने के नाम पर उससे सोने के आभूषणों में एक जोड़ी कांटे, एक गले का हार और लेडिज रिंग खरीदी। साथ ही इसका भुगतान ऑनलाइन करने का वायदा किया। शिकायत में बताया गया है कि आरोपी ने अपना नाम अभिषेक सोतिया बताया है। आरोपी ने सोने की खरीदारी के दौरान कालाअंब और नारायणगढ़ में अपनी बीज फैक्टरी बताई। अभी तक आरोपी ने उसके खाते में पैसे का भुगतान नहीं किया है। इस पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। मामले की पुष्टि एसपी सिरमौर अजय कृष्ण शर्मा ने की है। उन्होंने बताया कि पुलिस मामले की तफ्तीश में जुटी है।