ददाहू (सिरमौर)। थाना क्षेत्र रेणुका के तहत फर्जी मुख्तियारनामा (जनरल पावर ऑफ अटॉर्नी) तैयार कर लाखों रुपये की जमीन की खरीद-फरोख्त का मामला सामने आया है। इस मामले में पुलिस ने दो व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। फर्जी मुख्तियारनामे को वर्ष 2016 में ददाहू तहसील में बनवाया गया था। पुलिस ने भादंसं की धारा 419, 420, 467, 468 और 471 के तहत मामला दर्ज किया है।
सुरेंद्र कुमार नामक एक व्यक्ति ने इस संदर्भ में पुलिस थाना रेणुका में शिकायत दर्ज करवाई है। पुलिस के अनुसार मुख्तियारनामा में दो लोगों को दर्शाया गया है। इनमें नाम किसी के हैं और फोटो किसी और के। इसी मुख्तियारनामे के आधार पर जमीन भी खरीदी गई। यह मामला बेनामी संपत्ति की खरीद फरोख्त से जुड़ा होने की भी आशंका जताई जा रही है। मामले को लेकर रेणुका पुलिस ने वीरवार को ददाहू तहसील में दबिश दी। पुलिस ने इस सिलसिले में तहसीलदार ददाहू से जानकारी भी हासिल की। जल्द पुलिस ददाहू तहसील में वर्ष 2016 से जुड़े दस्तावेजों को भी खंगाल सकती है। इस मामले में और लोगों के शामिल होने की भी आशंका जताई जा रही है। मुख्तियारनामे में संबंधित पंचायत के प्रधान ने शिनाख्ती के तौर पर अपने हस्ताक्षर किए हुए हैं। लिहाजा, पंचायत प्रधान भी शक के दायरे में है। प्रधान से भी पुलिस मामले को लेकर पूछताछ कर सकती है। इस मामले में किसी बड़े भू-माफिया का हाथ हो सकता है जो दूसरों के नाम पर कम पैसों में जमीन खरीदकर बाद में उसे ऊंचे और मनमाने दामों पर बेचने का धंधा करते हैं। आरोपियों के जल्द पकड़े जाने की उम्मीद है। इसको लेकर पुलिस ने दबिशें देनी शुरू कर दी हैं। आरोपी ददाहू तहसील के रहने वाले ही बताए जा रहे हैं। उधर, डीएसपी बवीता राणा ने रेणुका थाने में फर्जी मुख्तियारनामा बनवाए जाने का मामला दर्ज होने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि सुरेंद्र कुमार की शिकायत के बाद पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है। मामले में दोषी पाए गए दोनों आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।