अमर उजाला ब्यूरो
पांवटा साहिब (सिरमौर)। जामनीवाला पंचायत के बाईकुआं गांव से लापता 19 वर्षीय युवती का आधा शव बरामद हुआ है। दो दिन पहले बरामद कमर से नीचे के हिस्से की बरामदगी के बाद परिजनों ने उसका बाकायदा अंतिम संस्कार भी कर दिया। इस संवेदनशील मामले में एसपी और एएसपी ने स्वयं मौके पर पहुंचकर तथ्यों की पड़ताल की। वहीं फोरेंसिक टीम को बुलाकर मृतक की अस्थियां कब्जे मे लेकर फोरेंसिक जांच को भेजी।
जानकारी के अनुसार रक्षाबंधन के दिन 19 वर्षीय युवती लापता हो गई थी। परिजनों ने पुलिस थाना में इसकी रिपोर्ट भी दर्ज करवा दी। पुलिस सूत्रों के अनुसार बुधवार को बाता के समीप खड्ड़ में लड़की का आधा शरीर पड़ा मिला। लड़की के परिजनों ने कपड़ों से उसकी पहचान की और पुलिस को सूचना दिए बिना ही उसका अंतिम संस्कार कर दिया।
वीरवार को सूचना मिलने पर एसएचओ पांवटा देवानंद गुलेरिया टीम सहित गांव पहुंचे। परिजनों व कुछ पंचायत प्रतिनिधियों के बयान दर्ज किए। सभी ने साफ शब्दों में कहा कि गुमशुदा लड़की मिली ही नहीं है। वीरवार देर रात को एसपी सिरमौर रोहित मालपानी व एएसपी विनोद धीमान टीम सहित गांव पहुंचे। इस दौरान कड़ी पूछताछ में ग्रामीणों ने कबूल कर लिया कि कमर से नीचे का आधा शव मिला था जिसका अंतिम संस्कार कर दिया है।
शुक्रवार को पुलिस टीम ने लड़की के परिजनों और एक अन्य युवक से भी पूछताछ की। गांव के एक पेड़ में टंगी अस्थियां व संस्कार वाले स्थल से कुछ अस्थियां फोरेंसिक टीम ने कब्जे में ले ली हैं। शुक्रवार को दिन भर पुलिस टीम बाता नदी, आसपास के खेतों व साथ लगते खड्ड में कोई सबूत तलाशती रहीं। बाता नदी में जिस स्थल पर संस्कार किया गया वहां से अस्थियां व राख के सैंपल एकत्र किए गए हैं। लड़की के शरीर का धड़ वाला हिस्सा बरामद नहीं हो पाया है। गलत बयान देने वाले परिजनों व पंचायत प्रतिनिधियों के खिलाफ भी पुलिस तथ्य छिपाने व गुमराह करने का केस भी पुलिस दर्ज कर सकती है।
उधर, एसपी सिरमौर रोहित मालपानी ने पुष्टि की है। एसपी ने कहा कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है। इस मामले में परिजनों समेत कुछ अन्य लोगों से पूछताछ जारी है।
---लापता युवती का मिला आधा शव, परिजनों ने किया अंतिम संस्कार
सनसनीखेज मामले की जांच को एसपी और एएसपी टीम सहित पहुंचे
खड्ड में मिला था कमर से नीचे का शरीर, नहीं हो सका धड़ बरामद
मृत लड़की की अस्थियों को कब्जे में लेकर फोरेंसिक जांच को भेजा