राजगढ़ (सिरमौर)। राजगढ़ बाजार में दो दुकानों से चोरी हुआ सामान पुलिस ने बरामद कर लिया है। 1.22 लाख रुपये के सामान की दुकानदारों ने शिनाख्त की है। चोरी करने वाले आरोपियों ने इलाके में हुई कुछ अन्य चोरियों की बात भी कबूल की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
गौरतलब है कि नशे की लत में फंसे युवाओं ने राजगढ़ में चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। चोरी की वारदात को अंजाम देने वालों में पांच नाबालिग हैं, जबकि तीन बालिग हैं। डीएसपी दुष्यंत सरपाल ने बताया कि मेहता कांप्लेक्स में दो दुकानों में हुई चोरी के मामलों में पुलिस ने कडियूत निवासी दीपक को गिरफ्तार किया है। अदालत में पेश करने पर उसे सोमवार तक पुलिस रिमांड में रखने के आदेश हुए हैं। जबकि पांच अन्य नाबालिग लड़कों से उनके अभिभावकों के सामने पूछताछ की गई। दो युवक फरार चल रहे हैं। एसपी रोहित मालपानी ने बताया कि पुलिस ने चोरी किया हुआ सामान बरामद किया है। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने तीन एलईडी, तीन प्ले स्टेशन, तीन रिमोर्ट प्ले स्टेशन, दो पॉवर बैंक, म्यूजिक सिस्टम, हैड फोन, मोबाइल रिंग, आईपैड, चार्जर, डाटा केबल आदि बरामद किए हैं। एसपी ने बताया कि नाबालिगों ने कबूल किया है कि इलाके में हुई कुछ अन्य चोरियों में भी इनका हाथ था। पुलिस जांच कर रही है।