पांवटा साहिब (सिरमौर)। पांवटा के बद्रीपुर शिव मंदिर के समीप चेन स्नैचिंग का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि एक बाइक पर सवार दो व्यक्तियों ने बुजुर्ग महिला को अपना निशाना बनाया। लेकिन, महिला की हिम्मत से स्नैचर केवल सोने की आधी चेन ही उड़ा सके। चेन स्नैचिंग की इस वारदात से इलाके में दहशत का माहौल है। गिरोह का पांवटा में फिर से सक्रिय होना खतरे की घंटी माना जा रहा है। लोग अपनी सुरक्षा को लेकर चिंतित होने लगे हैं।
मिली जानकारी के मुताबिक मंगलवार को रोज की तरह तारुवाला की दुर्गा कॉलोनी निवासी महिला रेवती उप्रेती (80) शिव मंदिर में पूजा-अर्चना करने पहुंची थीं। लौटते समय जैसे ही वह मंदिर से बाहर निकल कर सड़क पर पहुंचीं तो दो बाइकर्स ने अचानक महिला के गले से सोने की चेन छीन ली। बुजुर्ग महिला ने चेन निकालने से पहले हिम्मत दिखाकर बाइकर्स को हाथ से धकेला और इससे केवल आधी चेन ही आरोपियों के हाथ लगी। आधी चेन महिला ने हाथ से प्रहार कर बचा ली। इसके बाद काफी देर तक मौके पर शोर मचा रहा। शोर सुनकर आसपास के कई लोग मौके पर इकट्ठा हो गए। लेकिन तब तक दोनों शातिर मौके से फरार हो चुके थे। बताया जा रहा है कि बुजुर्ग महिला के दोनों बेटे बिजली बोर्ड और लोक निर्माण विभाग में उच्चाधिकारी हैं। उधर, थाना प्रभारी पांवटा अशोक चौहान ने कहा कि थाने में इस तरह की कोई लिखित शिकायत नहीं पहुंची है। उन्होंने कहा कि यदि ऐसा है तो जरूरी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। फिलहाल, दिनदहाड़े हुई इस वारदात से लोगों में दहशत का माहौल है। यहां के लोगों ने पुलिस से शातिरों को पकड़ने की गुहार लगाई है।