अमर उजाला ब्यूरो
पांवटा साहिब (सिरमौर)।
पांवटा साहिब इलाके में फिर से शरारती तत्व सक्रिय हो गए हैं। बीते दिन कुछ अज्ञात लोगों ने एक वाहन के शीशे चकनाचूर कर दिए और मौके से फरार हो गए। इससे पहले भी शरारती तत्व एटीएम व कई गाड़ियों के शीशे तोड़ने जैसी कई वारदातों को अंजाम दे चुके हैं। उधर, पुलिस ने शिकायत के बाद अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार पांवटा के भाटिया पैलेस गली वार्ड नंबर-7 में एक कपड़ा व्यापारी के घर के पास पार्क किए गए वाहन के शीशे तोड़ दिए। कपड़ा व्यापारी गुरप्रीत सिंह उर्फ सब्बी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि दो दिन पहले अपनी होंडा सिटी गाड़ी को रिहायशी मकान के बाहर गली में पार्क किया था। मात्र 15 मिनट बाद वह अपने दोस्त से मिलने के बाद जब वापस लौटा तो गाड़ी का अगला व पिछला शीशा चकनाचूर पाया। इससे उसे हजारों रुपये का नुकसान हुआ है। हालांकि वारदात के समय गली में कोई नजर नहीं आया। उन्होंने बताया कि इस मामले की पुलिस को शिकायत कर दी है।
इससे पहले शरारती तत्वों ने एक होटल व गीता भवन के समीप एटीएम के शीशे तोड़ दिए थे। पांवटा में गाड़ियों के शीशे तोड़ने, चोरी व चैन स्नेचिंग के बढ़ रहे मामलों को लेकर स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल बना हुआ है। लोगों का अपने घरों को वीरान छोड़ना मुश्किल हो गया है। सड़कों पर चैन झपटी की वारदातों ने भी महिलाओं को दहशत में डाल दिया है। वहीं लोगों के सामने अपने वाहनों को पार्क करने की भी समस्या पैदा हो गई है। घरों के आगे पार्क वाहन भी सुरक्षित नहीं हैं।
उधर, इस बारे में डीएसपी पांवटा प्रमोद चौहान ने बताया कि उन्हें शिकायत मिल गई है। उन्होंने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।