पांवटा साहिब (सिरमौर)। पांवटा के देवीनगर क्षेत्र में संदिग्ध हालत में एक युवक मृत मिला है। लोगों ने युवक के अचेत पड़े होने की सूचना पुलिस को दी। पांवटा थाने से पुलिस टीम मौके पर पहुंची। लेकिन, युवक की सांसें थम चुकी थीं। युवक की पहचान उत्तराखंड के टिहरी गड़वाल निवासी जितेंद्र के रूप में हुई है। परिजनों को सूचित कर दिया गया है। शुरुआती जांच में नशे की ओवरडोज से मौत की होने की आशंका जताई जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का पता चल सकेगा।
शनिवार को पांवटा के देवीनगर कृपालशिला गुरुद्वारा से कुछ दूरी पर स्थित पीर की मजार से आगे एक युवक पड़ा हुआ था। आसपास के लोगों ने देखा तो इसकी सूचना पुलिस थाना पांवटा साहिब में दी। मुख्य आरक्षी दलीप सिंह की टीम मौके पर पहुंची। आसपास के लोग भी काफी संख्या में मौके पर एकत्र हो गए। युवक संदिग्ध हालत में मृत पड़ा मिला। युवक की जेब से 6 रुपये और कुछ नशे की सामग्री पड़ी हुई मिली। युवक की पहचान जितेंद्र सिंह (30) पुत्र राजेंद्र सिंह निवासी टिहरी गड़वाल उत्तराखंड के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर परिजनों को सूचित कर दिया है। परिजनों के पांवटा पहुंचने पर ही पोस्टमार्टम होगा। शुरुआती जांच में पुलिस को ज्यादा नशा करने से मौत होने की आशंका है। लेकिन, मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल पाएगा। डीएसपी पांवटा प्रमोद चौहान ने पुष्टि की है। डीएसपी ने कहा कि शव को कब्जे में ले लिया गया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चल पाएगा कि युवक की मौत की क्या वजह रही।