नाहन (सिरमौर)।
कच्चा टैंक पुलिस ने एक युवक के घर से अवैध नशे की भारी खेप बरामद की है। इस मामले में पुलिस ने आरोपी के खिलाफ ड्रग एवं कास्मेटिक एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार कच्चा टैंक पुलिस को युवक के घर में चल रहे नशे के कारोबार को लेकर गुप्त सूचना मिली थी। इसके आधार पर पुलिस ने कार्रवाई की। पुलिस ने कोटड़ी निवासी अभिमन्यु के घर छापेमारी की। तलाशी के दौरान पुलिस ने घर में छिपाकर रखे स्पास्मो प्रोक्सीवन कैप्सूल के 117 पत्ते बरामद किए।
जब पत्तों में कैप्सूल की गिनती की तो 2808 कैप्सूल निकले। इस कार्रवाई में कच्चा टैंक पुलिस चौकी के हेड कांस्टेबल भूपिंद्र, एचएचसी नेत्र सिंह, कांस्टेबल उमेश चौहान और परवीन अंगीरस शामिल रहे। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है।एएसपी सिरमौर वीरेंद्र ठाकुर ने बताया कि पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है। उन्होंने बताया कि इस मामले में आगामी कार्रवाई जारी है।