संगड़ाह (सिरमौर)। उपमंडल संगड़ाह के ग्राम सियूं में कार्यरत अध्यापक सुनील कुमार के साथ बीती रात इसी गांव के एक व्यक्ति यशपाल ने हाथापाई कर घर का सारा सामान घर से बाहर फेंक दिया। इस मामले में पुलिस ने आरोपी यशपाल के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
जानकारी के अनुसार रात्रि करीब साढ़े आठ बजे यशपाल ने शराब के नशे में धुत होकर अध्यापक सुनील कुमार के घर पर धावा बोल दिया। इस दौरान यशपाल ने सुनील के साथ हाथापाई की। सुनील ने कमरे के पिछले दरवाजे से भाग कर जान बचाई। उसके बाद यशपाल ने एक-एक कर किराए के मकान में रह रहे सुनील के कमरे से सारा सामान बाहर फेंक दिया।
इस हमले से भयभीत सुनील ने गांव में शरण लेकर रात गुजारी और शनिवार सुबह संगड़ाह थाने जाकर इस मामले की शिकायत दर्ज करवाई।
संगड़ाह थाना से सहायक पुलिस निरीक्षक प्रकाश चंद की अगुवाई में पुलिस दल ने घटनास्थल पर पहुंचकर कार्रवाई शुरू की। एएसआई प्रकाश चंद ने बताया कि आरोपी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 452, 323, 506 व 427 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी की तलाश जारी है।
-----शिक्षक से हाथापाई करने और सामान फेंकने पर मामला दर्ज