अमर उजाला ब्यूरो
सराहां (सिरमौर)।
सिरमौर जिले में घरेलू गैस सिलेंडर की कालाबाजारी चल रही है। घरेलू उपभोक्ताओं के हिस्से पर डाका डालकर घरेलू सिलेंडर दुकानों में प्रयोग किए जा रहे हैं। सराहां बाजार में घरेलू सिलेंडरों के व्यावसायिक प्रयोग का भंडाफोड़ होना इसी ओर इशारा कर रहा है कि घरेलू गैस की कालाबाजारी का खेल चल रहा है। खाद्य एवं आपूर्ति विभाग ने रविवार को सराहां बाजार में विभिन्न दुकानों और ढाबों का निरीक्षण किया। इस दौरान कुल 12 सिलेंडर बरामद हुए। इनमें 10 सिलेंडर एक ही दुकान से बरामद हुए। विभाग ने उक्त दुकान संचालक पर 24, 619 रुपये का जुर्माना ठोका है। वहीं, सभी सिलेंडर जब्त किए गए हैं।
खाद्य एवं आपूर्ति विभाग की इंस्पेक्टर पवित्रा पुंडीर ने सराहां में मिठाई की दुकानों व ढाबों का औचक निरीक्षण किया जिसमें 12 घरेलू सिलेंडर पकड़े गए। यह सिलेंडर सराहां बस स्टैंड, सराहां बाजार व एक होटल से बरामद किए गए। पवित्रा पुंडीर ने बताया कि बस स्टैंड से एक, सराहां बाजार से एक व सराहां तालाब के समीप स्थित एक दुकान के स्टोर से 10 घरेलू सिलेंडर पकड़े गए जिससे 24,619 रुपये का जुर्माना लगाया गया।
पवित्रा पुंडीर ने कहा कि क्षेत्र के लोगों ने शिकायत की थी कि सराहां में जो मिठाई की दुकानें हैं, उनके पास अवैध तरीके से घरेलू सिलेंडर रखे गए हैं जिनका उपयोग वह अपनी मिठाई की दुकान पर करते हैं। इसके बाद यह औचक निरीक्षण किया गया है। विभाग को इसकी सूचना मिली थी। जिसके बाद यह कार्रवाई की गई। उन्होंने दुकानदारों को रेट लिस्ट लगाने के भी निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि दुकानदार यदि ऐसा नहीं करते हैं तो उनके खिलाफ कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
--------सराहां में दुकानों से 12 रसोई गैस सिलेंडर बरामद
एक दुकान से 10 सिलेंडर मिलने पर 24,619 रुपये जुर्माना
घरेलू गैस सिलेंडर की कालाबाजारी का भंडाफोड़
खाद्य एवं आपूर्ति विभाग की छापामारी से मचा हड़कंप