नाहन (सिरमौर)।
सीएमओ कार्यालय के समीपवर्ती जंगल में शुक्रवार शाम भयंकर आग भड़क गई। आग ने ऐसा तांडव मचाया कि आग रिहायशी इलाकों में पहुंच गई। इससे बीआरसी कार्यालय के समीप सड़क किनारे खड़ी कर रखी तीन गाड़ियां में आग लग गई। इस घटना से लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। अग्निशमन केंद्र नाहन से पहुंचे दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
नाहन शहर से सटे वन क्षेत्र में इन दिनों भयंकर आग फैली है। दो दिन पहले ही प्रमुख सैरगाह विल्ला राउंड में जोरदार आग लगी थी। ताजा घटनाक्रम में शुक्रवार शाम नाहन शहर स्थित बीआरसी कार्यालय के समीप जंगल में भयंकर आग लग गई। आग इतनी भयंकर थी कि देखते ही देखते इसकी लपटें रिहायशी इलाकों तक पहुंच गई।
बीआरसी कार्यालय के समीप पार्क की गई एक महिंद्रा जीप और मारुति कार आग की चपेट में आ गई। जबकि एक अन्य वाहन को भी आंशिक नुकसान पहुंचा है। हालांकि वहां मौजूद लोगों ने दो कारों को आगे की चपेट में आने से बचा लिया। स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना अग्निशमन विभाग को दी। सूचना मिलते ही दमकल वाहन मौके के लिए रवाना हुए और आग पर काबू पाया गया। अग्निशमन अधिकारी मेहर सिंह ने बताया कि मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पा लिया है। इस घटना में तीन वाहनों को नुकसान पहुंचा है। जबकि कुछ अन्य गाड़ियों को बचाया गया।