अमर उजाला ब्यूरो
पांवटा साहिब (सिरमौर)।
माजरा पुलिस थाने के तहत पड़ने वाले धौलाकुआं में हरियाणा से आए गुंडे टाइप के कुछ युवाओं ने कथित तौर पर हवा में तलवारें और खुखरी लहराई। इससे इलाके में दहशत का माहौल है। बताया जा रहा है कि धौलाकुआं के एक स्थानीय युवक के साथ कपड़े की दुकान करने वाले एक व्यक्ति से उसकी बहस हो गई। उसने इसकी शिकायत पुलिस में कर दी। फिर क्या कुछ देर बाद बाइकों में सवार होकर हरियाणा से युवाओं का एक दल पहुंच गया और तलवारें लहराते हुए दहशत फैलाने की कोशिश की। शिकायतकर्ता ने भाग कर अपनी जान बचाई। इसकी शिकायत माजरा थाने में कर दी है जिसके बाद जांच की जा रही है।
पीड़ित लोकेश ने बताया कि वह बाजार से सामान खरीद कर अपने घर जा रहा था। तभी धौलाकुआं में कपड़े की दुकान करने वाले ने उसके साथ बहस व हाथापाई की। वह उस व्यक्ति को जानता तक नहीं। उसने इसकी सूचना व शिकायत माजरा थाना में कर दी। शिकायत के बाद वह बाजार में पुलिस के आने का इंतजार कर रहा था। इस बीच हरियाणा से कुछ लोग आए और उसके साथ हाथापाई करने लगे। उन्होंने तलवारें व खुखरियां निकालीं जिसके बाद वह डर गया। किसी तरह भाग कर अपनी जान बचाई।
उधर, एसएचओ माजरा थाना सेवा सिंह ने शिकायत मिलने की पुष्टि की है। उन्होंने कहाकि इसके बाद शिकायत की जांच की जा रही जिससे अज्ञात आरोपी को शीघ्र गिरफ्तार किया जा सके।