चोरी का आरोपी गिरफ्तार, नाहन लेकर पहुंची पुलिस
एसएचओ विजय की अगुवाई में टीम को मिली सफलता
अमर उजाला ब्यूरो
नाहन (सिरमौर)। नाहन शहर में बीते साल हुई चोरी के मामले में नाहन पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। सदर पुलिस थाना नाहन के प्रभारी विजय कुमार की अगुवाई में गठित टीम ने आरोपी कलवा (43) उर्फ सतीश पुत्र श्रीराम निवासी गजरोला, आजादनगर जिला अमरोहा (यूपी) को गिरफ्तार किया।
बता दें कि बीते साल 10 अगस्त को आरोपी ने नाहन में एक ज्वैलरी की दुकान में चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। इसके बाद पुलिस लगातार आरोपी को पकड़ने के प्रयास में लगी थी। इस टीम में मुख्य आरक्षी दलीप, एचएचसी रूपिंद्र, आरक्षी प्रवीण व उमेश शामिल रहे। काफी समय से आरोपी पुलिस से बच रहा था लेकिन इस बार एसएचओ विजय कुमार की टीम के प्रयास रंग लाए।
बताया जा रहा है कि आरोपी ने नाहन में 80 हजार के करीब की चोरी को अंजाम दिया था। मामले की पुष्टि एसपी सिरमौर रोहित मालपानी ने की है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने चोरी के मामले के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
---------हितेश