अमर उजाला ब्यूरो
पांवटा साहिब (सिरमौर)। पांवटा नगर परिषद के बद्रीपुर में बदमाशों ने चोरी की वारदात को अंजाम किया। मोबाइल गैलरी में सेंध लगा कर चोर 2.58 लाख रुपये की कीमत के मोबाइल समेत अन्य सामान उड़ा ले गए।
बुधवार को सुबह दुकान पहुंचने पर मोबाइल गैलरी के मालिक को चोरी की घटना का पता चला। शिकायत मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंच कर जांच शुरू कर दी है। आसपास के सीसीटीवी खंगाले जा रहे हैं लेकिन अभी तक चोरों का सुराग नहीं लग पाया है।
पांवटा के सबसे भीड़भाड़ व व्यस्त बद्रीपुर चौक पर रात को चोरी की वारदात हुई। चौक के आसपास देर रात्रि तक नाका व पहरा रहता है। बावजूद इसके मंगलवार देर रात को सैनी मोबाइल शॉप में सेंध लगाने में चोर सफल रहे। चौक के समीप बिजली बोर्ड के गेट की तरफ से चोर दुकान के पिछली तरफ से प्रवेश हुए। पिछली दीवार पर एक से डेढ़ फुट सुराग कर दिया गया। इसके बाद चोर सैनी मोबाइल शॉप में दाखिल हुए और वहां रखे लाखों के मोबाइल व सामान पर हाथ साफ किया। दुकान संचालक बुधवार को दुकान खोलने पर हैरान रह गया।
दुकान में रखा सारा सामान बिखरा पड़ा था। मोबाइल और अन्य सामान गायब था। इसके बाद पांवटा पुलिस थाने में शिकायत कर दी गई।
उधर, डीएसपी पांवटा प्रमोद चौहान ने पुष्टि की है। डीएसपी ने बताया कि पुलिस टीम मौके पर भेजी थी। बद्रीपुर चौक के आसपास के सीसीटीवी कैमरे भी खंगाले जा रहे हैं। मोबाइल शॉप से 2.58 लाख रुपये के मोबाइल व सामान चोरी हुआ है।
--ढाई लाख रुपये के मोबाइल उड़ा ले गए शातिर
--बद्रीपुर में मोबाइल गैलरी शॉप में चोरी की वारदात से हड़कंप
--दुकान की दीवार में सेंध मारकर दिया चोरी की वारदात को अंजाम
शिकायत मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, मामले की जांच शुरू