अमर उजाला ब्यूरो
नाहन (सिरमौर)। शहर की एक चाट की दुकान में जाम छलकाते हुए पुलिस विभाग के दो कर्मचारी दबोचे गए हैं। एसपी को मिली शिकायत के बाद जब वहां पर पुलिस की टीम भेजी गई तो वहां पर तीन कर्मचारियों को जाम छलकाते हुए देखा गया। इनमें दो पुलिस कर्मचारी और एक उपायुक्त कार्यालय का कर्मचारी बताया जा रहा है। दोनों पुलिस कर्मचारी एसपी के कार्यालय में ही कार्यरत थे। एसपी सौम्या साम्बशिवन ने इसकी पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि अनुशासनात्मक कार्रवाई करते हुए दोनों पुलिस कर्मचारियों की ट्रांसफर कर दी गई है।
शहर में चल रहे एक दुकान में यह कर्मचारी काफी समय से शराब पीते थे। किसी व्यक्ति ने इसकी शिकायत सीधे एसपी से की। बुधवार शाम जैसे ही सूचना मिली कि तीनों कर्मचारी ढाबा में बैठे हैं तो एसपी तुरंत मौके पर पहुंची। एसपी ने दोनों पुलिस कर्मियों का तबादला नाहन से दुर्गम क्षेत्रों में कर दिया।
एसपी सौम्या साम्बशिवन नेे बताया कि शाम को सूचना मिली की उनके कार्यालय में तैनात 2 कर्मी व एक उपायुक्त कार्यालय में तैनात कर्मी नया बाजार स्थित चाट की दुकान में शराब पी रहे हैं। इसके बाद मौके का मुआयना किया गया तो शिकायत सही पाई गई लेकिन तब तक कर्मी शराब समाप्त कर चुके थे। ऐसे में कर्मियों के खिलाफ मामला दर्ज नहीं किया गया। कार्यालय में तैनात दोनों पुलिस कर्मियों का तबादला जिला मुख्यालय से राजगढ़ व शिलाई के लिए कर दिया।