अमर उजाला ब्यूरो
पांवटा साहिब (सिरमौर)।
पांवटा के यमुना बैरियर में हुए गोलीकांड मामले के 2 आरोपियों को चंडीगढ़ पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने इन आरोपियों को चंडीगढ़ में आईएसबीटी सेक्टर-43 के समीप से दबोचा। आरोपी चंडीगढ़ में पुलिस रिमांड पर है। इस मामले के 3 आरोपी सिरसा डबवाली मुठभेड़ में मारे गए हैं। जबकि दो आरोपियों ने एक-दूसरे को गोली मारकर और एक ने जहर खाकर जान दे दी। अभी, पांवटा गोलीकांड मामले के 2 आरोपी फरार हैं। शूट आउट मामले को लेकर एसपी सिरमौर सौम्या साम्बशिवन ने रविवार को पांवटा में पत्रकारों से बातचीत के दौरान कहा कि 6 मई की रात को उत्तराखंड से 7 बदमाशों के वाहन को स्थानीय बैरियर पर पुलिस जवान एचएससी राजेंद्र कुमार उर्फ राजू ने रोका। इसी दौरान हथियारबंद बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी।
पांवटा गोलीकांड मामले के 3 आरोपियों को पंजाब-हरियाणा पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई में सिरसा डबवाली में घेरा था। दोनों तरफ से फायरिंग हुई। घिरता देख 2 बदमाशों ने एक-दूसरे को गोली मार ली। तीसरे की मौत जहर खाने से हो गई थी। पांवटा में शूट आउट के दौरान प्रयोग की गई आरोपियों की स्कार्पियो पीबी65एम-2808 बरामद हुई है।
उन्होंने कहा कि गिरफ्तार किए गए आरोपियों को चंडीगढ़ पुलिस ने 5 दिनों के पुलिस रिमांड पर लिया है। इनके खिलाफ हत्या, हत्या प्रयास समेत कई गंभीर मामले दर्ज हैं। इसके बाद हिमाचल पुलिस इन आरोपियों को पांवटा शूट आउट मामले में ट्रांजिट रिमांड पर लेगी।
बाक्स---
पांवटा में लगेंगे 21 लाख से सीसीटीवी कैमरे
एसपी सौम्या साम्बशिवन ने कहा कि पांवटा में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए 21 सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। राज्य बैरियरों पर हथियारों से लैस जवान तैनात होंगे। केवल रेगुलर पोस्टिंग हटाई गई थी। बैरियरों पर नाका जारी है। रोटेशन के आधार पर पुलिस ड्यूटी लगेगी। तैनात पुलिस जवानों के पास एके-47 व पिस्टल रहेगी। पड़ोसी राज्य पुलिस से सूचना मिलने पर, विशेष हालात में नाकाबंदी कर दी जाती है।
--------------------------
--------तोमर