पांवटा साहिब (सिरमौर)। पांवटा पुलिस थाना क्षेत्र के तहत एक विवाहिता ने अपने पति के खिलाफ मामला दर्ज करवाया है। आरोपी पति सरकारी सेवा में कार्यरत बताया जा रहा है। शिकायत मिलने पर पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पांवटा क्षेत्र की एक महिला ने पांवटा साहिब के कोर्ट में शिकायत दी थी जिसके बाद धारा-156(3) के तहत थाना पांवटा में मामला दर्ज हुआ है। महिला का आरोप है कि पांवटा के ही एक गांव में उसका विवाह हुआ था। पति सरकारी सेवा में कार्यरत है। शादी के कुछ दिनों बाद पति मानसिक और शारीरिक तौर पर परेशान करने लगा। आरोपी पति से परेशान होकर विवाहिता अपने मायके चली गई। उधर, एएसपी सिरमौर वीरेंद्र ठाकुर ने पुष्टि की है। पीड़ित विवाहिता की शिकायत मिलने पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर गहनता से जांच की जा रही है।
ट्यूब में रखी अवैध शराब बरामद
पांवटा साहिब (सिरमौर)। पांवटा पुलिस की टीम ने जामनीवाला में धार्मिक स्थल के समीप नाका लगाया था। इस दौरान मंजूर अली पुत्र कुरशेद अली गांव हरीपुर टोहाना, शवपुर तहसील और थाना पावंटा साहिब की तलाशी ली गई। इस दौरान आरोपी से एक रबड़ ट्यूब में रखी करीब 20 बोतलें शराब की बरामद की गईं। इसके बाद आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच की जा रही है। डीएसपी पांवटा सोमदत्त ने पुष्टि की है।