अमर उजाला ब्यूरो
नाहन (सिरमौर)। एटीएम बदलकर लोगों के पैसे ऐंठने के मामले में अहम खुलासे हो रहे हैं। आठ फरवरी को गिरफ्तार किए गए एटीएम ठगी गिरोह के चार सदस्यों से हुई पूछताछ के बाद पुलिस छानबीन में जुटी है। सराहां में हुई ठगी के मामले के बाद चारों आरोपियों के खिलाफ आईटी एक्ट के तहत भी मामला दर्ज हुआ है।
गिरोह से जुड़ी और जानकारी जुटाने के लिए सिरमौर पुलिस की एक टीम बिहार रवाना हुई है। दरअसल, आरोपियों ने एटीएम स्वाइप के लिए इस्तेमाल करने वाली क्लोन मशीन बिहार में ही खरीदी थी। ऐसे में इस मामले में कुछ और गिरफ्तारियां होने की भी संभावना जताई जा रही है।
गौरतलब है कि सिरमौर पुलिस ने एटीएम कार्ड बदलकर लोगों से पैसे ऐंठने वाले एक शातिर गिरोह का पर्दाफाश किया था। दिल्ली में दबिश देकर बिहार के रहने वाले चार युवाओं को गिरफ्तार किया गया। उनसे एटीएम बदलकर लोगों का पैसा ऐंठने के लिए प्रयोग की जाने वाली क्लोन मशीनें, लैपटॉप, एटीएम कार्ड, स्केनर समेत करीब 3.09 लाख रुपये की नकदी बरामद हुई थी। अब उनसे कड़ी पूछताछ की जा रही है। पूछताछ में कई अहम खुलासे हुए हैं। हालांकि, जांच प्रभावित न हो इस लिए पुलिस मामले में अधिक जानकारी नहीं दे रही है।
पुलिस सूत्रों से पता चला है कि मामले में कुछ और साक्ष्य जुटाने के लिए पुलिस की एक टीम बिहार रवाना हुई है। बिहार में आरोपियों के ठिकानों में तलाशी होगी। वहीं, एटीएम मशीन के खरीदार पर भी शिकंजा कसा जा सकता है। आरोपियों ने यह मशीन लगभग 50 हजार रुपये में खरीदी थी। वैज्ञानिक तथ्य हासिल करने के लिए क्लोन मशीन और कुछ अन्य सामान एफएसएल को भेजा गया है। इससे मशीन के संदर्भ में कई अहम जानकारी मिलने की उम्मीद है।
एएसपी डॉ. मोनिका ने बताया कि आरोपियों का कारोबार बिहार में अधिक था। बिहार और दिल्ली में उनका सबसे अधिक नेटवर्क था। हिमाचल में अन्य जिला में हुई ठगी की अभी पुख्ता जानकारी नहीं मिली है। छानबीन को एक टीम बिहार भेजी गई है।