अमर उजाला ब्यूरो
पांवटा साहिब(सिरमौर)। पांवटा गोविंदघाट बैरियर में 6 जून को हुए सनसनीखेज गोलीकांड मामले में गिरफ्तार गैंगस्टर को बुधवार को अदालत में पेश किया गया। जहां जेएमआईसी के समक्ष शूट आउट में घायल हुए पुलिस जवान से बदमाश की पहचान करवाई गई। फिलहाल बदमाश 30 जून तक ज्यूडिशियल रिमांड पर चल रहा है। इसी, मामले के दो गैंगस्टरों को पंजाब पुलिस ने गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी पंजाब में न्यायिक हिरासत में चल रहे हैं। इन दोनों को भी पांवटा पुलिस ट्रांजिट रिमांड पर लेगी।
पांवटा बैरियर पर गोलीबारी कर बदमाश बिलासपुर वाले रास्ते से हरियाणा भाग निकले थे। पांवटा बैरियर गोलीकांड वारदात में 7 बदमाश शामिल थे। इनका पीछा पंजाब, हरियाणा व हिमाचल पुलिस कर रही थी। सिरसा डबवाली में पंजाब-हरियाणा पुलिस ने फार्म हाउस में बदमाशों को घेर लिया। हर तरफ से पुलिस से घिरा देख दो गैंगस्टरों ने एक-दूसरे को गोली से उड़ा दिया। एक ने जहर खाकर आत्महत्या कर ली थी।
बदमाशों से पांवटा बैरियर गोलीकांड के दौरान प्रयोग की गई गाड़ी बरामद हुई थी। फिर, पंजाब पुलिस ने दो गैंगस्टर नवजोत सिंह व सुरमुख सिंह को चंडीगढ़ सेक्टर-43 से गिरफ्तार किया था। अब, पांवटा पुलिस ने पंजाब के फरीदकोट से शातिर बदमाश मनजीत सिंह उर्फ रिप्पी को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। इस मामले को 2 बदमाश इन दिनों पंजाब में ज्यूडिशियल रिमांड पर चल रहे हैं।
उधर, डीएसपी पांवटा प्रमोद चौहान ने बताया कि गोली चलाने के आरोपी मनजीत को अदालत से 30 जून तक का ज्यूडिशियल रिमांड मिला है। बुधवार को बैरियर पर गोलीबारी में घायल हुए पुलिस जवान से आरोपी की जेएमआईसी के समक्ष शिनाख्त करवाई गई। इस मामले के 2 आरोपियों को पंजाब पुलिस से ट्रांजिट रिमांड पर लिया जाएगा। जबकि अन्य फरार आरोपी को दबोचने की कोशिश जारी है।
-पुलिस जवान ने की गोलीकांड मामले के बदमाश की पहचान
-6 जून को गोविंदघाट बैरियर पांवटा पर हुई थी सनसनीखेज वारदात