अमर उजाला ब्यूरो
पांवटा साहिब (सिरमौर)। एसआईयू नाहन की टीम ने पांवटा साहिब में नशीली दवाइयों की भारी खेप बरामद की है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस थाना पांवटा साहिब में आरोपियों के खिलाफ मादक पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर पुलिस ने छानबीन शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक एसआईयू नाहन की टीम ने रविवार रात को पांवटा में दबिश दी। गुप्त सूचना के आधार पर एक कार की तलाशी ली गई। इस दौरान हरियाणा से नशीली दवा की खेप 1440 कैप्सूल लेकर पहुंचे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच की जा रही है। एसआईयू नाहन की टीम को इसके बारे में एक गुप्त सूचना मिली थी। इसके आधार पर रविवार रात को बद्रीपुर स्थित एक होटल की पार्किंग में खड़े वाहन की तलाशी ली गई। इस दौरान विभिन्न श्रेणियों के 26 डिब्बों में 1440 नशीले कैप्सूल बरामद हुए। इसके बाद कार में बैठे आरोपी कुलदीप पुत्र परमजीत सिंह निवासी गांव मानीपुर तहसील छछरोली थाना यमुनानगर (हरियाणा), रेजवंत सिंह पुत्र सुच्चा सिंह ग्राम तुगलपुर तहसील छछरोली जिला यमुनानगर को गिरफ्तार किया गया है। इससे पहले भी पुलिस ने पांवटा साहिब में फलफूल रहे नशे के कारोबार पर रोक लगाने के लिए कई अभियान चलाए हैं। कई मामलों में पुलिस को सफलता भी हाथ लगी है। बावजूद इसके नशे के कारोबारियों के हौसले बुलंद हैं। रविवार की रात दबोचे गए दोनों आरोपी भी हरियाणा से हिमाचल के पांवटा में नशे की खेप लेकर पहुंचे थे। इस बीच पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया। उधर, डीएसपी पांवटा सोमदत्त ने पुष्टि की है। डीएसपी ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियमों के तहत मामला दर्ज कर लिया है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले की गहनता से जांच की जा रही है।