अमर उजाला ब्यूरो
ददाहू (सिरमौर)। रेणुका थाने के तहत अपर बाजार क्षेत्र में रविवार देर रात को दो घरों का ताला तोड़कर चोरों ने दो एलसीडी और दूसरे सामान पर हाथ साफ कर लिया। इस बीच चोरों की आहट सुनकर जब मकान मालिक उठा तो शातिर उनके मुंह पर थप्पड़ जड़ कर फरार हो गया। मकान मालिक और दो किरायेदारों की शिकायत पर रेणुका पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
पुलिस घरों के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे खंगालने में जुटी है। जानकारी के मुताबिक रेणुका क्षेत्र के मोहतू गांव निवासी बुद्धराम और बाऊनल गांव निवासी जयप्रकाश शर्मा ददाहू के अपर बाजार क्षेत्र में भगत राम के मकान में किराये पर रहते हैं। स्कूलों में अवकाश होने के कारण दोनों ही परिवार अपने गांव गए हुए थे। रविवार रात को किसी अज्ञात व्यक्ति ने दोनों घरों का ताला तोड़कर एलसीडी को उड़ा लिया। इसी बीच आहट सुनकर जब मकान मालिक भगतराम बाहर निकले तो शातिर उनके मुंह पर थप्पड़ मारकर एलसीडी के साथ फरार हो गया। भगतराम ने इसकी सूचना तुरंत दोनों किरायेदारों को दी। दोनों एलसीडी की कीमत 50 हजार के करीब बताई जा रही है। उधर, रेणुका थाने के एसएचओ विजय रघुवंशी ने दो घरों का ताला तोड़कर दो एलसीडी चोरी होने की शिकायत मिलने की पुष्टि करते हुए बताया कि शिकायत मिलते ही तुरंत जांच शुरू कर दी गई है। आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगाला जा रहा है। चोरों का जल्द पता लगा लिया जाएगा।