सोने की चेन झपटकर बाइक सवार फरार
तीन दिन में चेन स्नैचिंग की दूसरी वारदात, पुलिस ने किया मामला दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
पांवटा साहिब (सिरमौर)। परशुराम चौक के समीप झपटमार गिरोह ने चेन स्नैचिंग की वारदात को अंजाम दिया है। महिला सुबह जैसे ही दूध लेकर अपनी गली की तरफ मुड़ी बाइक सवार शातिरों ने सोने की चेन झपट ली। पांवटा थाना पुलिस समीप की दुकानों को सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुटी है। तीन दिनों के भीतर ही चेन स्नैचिंग की दूसरी वारदात है।
मिली जानकारी अनुसार पांवटा में परशुराम चौक के समीप रहने वाले वरिष्ठ वकील नंदलाल परवाल व उनकी पत्नी सुनीता परवाल सुबह शुभखेड़ा की तरफ दूध लेने गए थे। लौटते वक्त जैसी ही चौक के समीप आवास को जाने के लिए गली में मुड़े। इस बीच बाइक पर सवार दो युवकों में से एक उतरा। महिला के गले से सोने की चेन छीनकर बाइक पर फरार हो गए। अधिवक्ता परवाल ने बताया कि पत्नी के चीखने की आवाज सुनते ही पीछे मुड़ा तो एक लाल टी शर्ट व जींस पहने युवक बाइक की तरफ तेजी से भागा। इसके बाद चौक की तरफ भाग खड़े हुए। इससे पहले पांवटा के यमुना विहार कॉलोनी शमशेरपुर में विगत शनिवार रात के समय घर के गेट के समीप टहलते वक्त महिला की चेन शातिर ले उड़े थे।
उधर, डीएसपी पांवटा सोमदत्त ने कहा कि चेन स्नैचिंग मामले की गहनता से जांच होगी। पुलिस टीम सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है।