सेना में भर्ती न होने के तनाव में फंदे पर झूल गया युवक
पांवटा की बीडीओ कॉलोनी का मामला, गिरिपार का रहने वाला था युवक
कमरे में जाकर फंदा लगा लिया, पुलिस ने शुरू की छानबीन
अमर उजाला ब्यूरो
पांवटा साहिब (सिरमौर)। सेना में भर्ती न होने के तनाव में बीस साल का युवक फंदे से झूल गया। युवक गिरिपार के पभार का रहने वाला था और पांवटा की बीडीओ कॉलोनी में परिवार के साथ रहता था। पुलिस की शुरुआती जांच में पता चला है कि दो बार सैन्य भर्ती में असफल रहने के बाद से युवक तनाव में रहने लगा था। सोमवार को युवक कमरे में फंदे से झूलता पाया गया। इसकी सूचना पांवटा पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंचकर पुलिस ने मामले की तफ्तीश शुरू कर दी है।
पांवटा साहिब के बीडीओ कॉलोनी में रहने वाले युवक ने कमरे में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। युवक की मां कमरे के बाहर बैठी थी। इसी दौरान युवक का मामा वहां आया और भांजे के बारे में पूछा। इस पर मां ने कहा कि बेटा अंदर सोया है। मामा ने युवक को आवाज लगाई पर अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद कमरे का दरवाजा तोड़ कर भीतर देखा तो युवक फंदे में झूला हुआ मिला। इसे फंदे से उतारकर पांवटा सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में चिकित्सकों ने इसे मृत घोषित कर दिया। शुरुआती जांच में बता चला है कि युवक ने दो बार सेना की भर्ती में हिस्सा लिया लेकिन वो भर्ती नहीं हो सका। पहली बार रामपुर और दूसरी बार शिमला के जुन्गा में भर्ती के लिए युवक गया था। लेकिन, दोनों बार युवक ग्राउंड में बाहर हो गया था। इसके बाद से ही युवक कुछ तनाव में रहने लगा था। सूचना मिलने पर पांवटा थाना पुलिस टीम मौके पर पहुंची। मामला दर्ज कर शव का पोस्टमार्टम करवा कर परिजनों को सौंप दिया है। डीएसपी पांवटा सोमदत्त ने मामले की पुष्टि की है।
...