अमर उजाला ब्यूरो
नाहन (सिरमौर)।
राजगढ़ के डिंबर में एक व्यक्ति के घर पर लाखों रुपये की चोरी की वारदात सामने आई है। इस मामले में एक व्यक्ति ने एक युवक पर चोरी की वारदात को अंजाम देने के आरोप लगाए हैं। उधर, इस मामले में राजगढ़ पुलिस ने शिकायत के बाद आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
जानकारी के अनुसार डिंबर निवासी प्रताप सिंह ने पुलिस को सौंपी शिकायत में कहा कि उसके घर में ठहरे एक युवक विक्की उर्फ दिनेश ने लाखों की ज्वेलरी व बाइक पर हाथ साफ कर लिया। शिकायत में कहा गया है कि आरोपी उसके घर में पिछले दो दिन से ठहरा था लेकिन उसकी अनुपस्थिति में आरोपी ने वारदात को अंजाम दिया।
कहा गया है कि आरोपी विक्की उसके घर से सोने का मंगलसूत्र, सोने की बालियां, दो अंगूठी, तिल्ली को चोरी कर ले गया। इसके अलावा उसकी बाइक व मोबाइल फोन पर भी आरोपी ने हाथ साफ कर लिया। चोरी किए गए सारे सामान की कुल कीमत करीब 1 लाख 03 हजार 200 रुपये बताई गई है।
पुलिस ने प्रताप सिंह की शिकायत पर धारा 379 भादंसं के तहत विक्की उर्फ दिनेश के विरुद्ध मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। उधर, मामले की पुष्टि करते हुए एसपी सिरमौर रोहित मालपानी ने की है। उन्होंने बताया कि इस मामले में आगामी कार्रवाई की जा रही है।
----------------