नाहन (सिरमौर)। शहर के बड़ाचौक स्थित एक मकान में शनिवार सुबह अचानक आग भड़क उठी। आग से एक लाख रुपये से अधिक की संपत्ति जलकर राख हो गई है। बड़ाचौक की तंग गलियों में दुकानदारों द्वारा आगे खिसकाकर सामान रखने से दमकल वाहन को मौके पर पहुंचने में काफी दिक्कत हुई। हालांकि, मौके पर पहुंचकर अग्निशमन विभाग ने आग पर काबू पाकर साथ लगती करोड़ों रुपये की संपत्ति को बचा लिया। आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। आशंका जताई जा रही है कि शॉर्ट सर्किट के कारण आग की यह घटना हुई।
जानकारी के अनुसार शनिवार सुबह करीब साढ़े 11 बजे बड़ाचौक में पदमदेव के मकान में अचानक आग लग गई। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि देखते ही देखते मकान में रखे तमाम सामान को अपनी चपेट में ले लिया। घर में रखा टीवी, फ्रिज, सिलिंग फेन, अलमारियों समेत सामान आग की भेंट चढ़ गया। जिला अग्निशमन अधिकारी मेहर सिंह ने बताया कि आग की सूचना मिलते ही दमकल वाहन और एक बाइक मौके के लिए रवाना हो गई थी। फायरमैन रविंद्र कुमार, बलवीर सिंह, पवन कुमार, हरिश चंद समेत वह स्वयं मौके पर पहुंचे और आग पर काबू पाने के प्रयास तेज किए। स्थानीय लोगों की मदद से आग पर काबूू पाया गया। लेकिन, तब तक घर में रखा सामान जल गया था। उन्होंने कहा कि आग से एक लाख रुपये से अधिक का नुकसान होने का अनुमान है।
उधर, पुलिस ने भी मामले की जांच तेज कर दी है। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने आग की घटना पर दुख प्रकट किया है। उन्होंने कहा कि प्रशासन की ओर से पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता मुहैया करवाने के प्रयास किए जाएंगे। डॉ. बिंदल ने जिला प्रशासन को निर्देश दिए कि दिव्यांग पदमदेव को हरसंभव सहायता तुरंत प्रदान की जाए। इसके अतिरिक्त प्रभावित परिवार के ठहरने व भोजन के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की जाए। उपायुक्त सिरमौर ललित जैन ने बताया कि नुकसान का आकलन किया जा रहा है। नियमावली के अनुरूप प्रभावित को राहत राशि प्रदान की जाएगी।