अमर उजाला ब्यूरो
पांवटा साहिब (सिरमौर)।
माजरा पुुलिस टीम ने बाइक चोरी मामले में 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इन आरोपियों से चोरी की गई बाइक भी बरामद कर ली गई है। गिरफ्तार तीनों ही आरोपी नशेड़ी हैं। नशे की लत के चलते चोरी की वारदात को अंजाम देने लगे हैं। अदालत में पेश करने पर तीनों आरोपियों को 29 मार्च तक पुलिस रिमांड में रखने के आदेश हुए हैं।
माजरा पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार विगत शुक्रवार को माजरा मुख्य बाजार निवासी नसीम अली के घर से बाइक एचपी-17सी 4491 चोर उड़ा ले गए थे। चोरी की शिकायत पुलिस थाना माजरा में करवा दी थी। शिकायत मिलते ही पुलिस जांच टीम ने कार्रवाई शुरू कर दी। केवल 24 घंटे के भीतर जांच टीम ने चोरी मामले का पर्दाफाश कर दिया जिसमें 3 आरोपियों अमजद (23) पुत्र गुलजारी, संजीव उर्फ संजू (28) पुत्र टेकचंद तथा नवीन (22) पुत्र रामभज को माजरा से ही दबोच लिया है।
तीनों आरोपियों से माजरा निवासी व्यक्ति की चोरी हुई बाइक भी बरामद कर ली है। आरोपियों को गिरफ्तार कर पुलिस टीम ने अदालत में पेश किया। पुलिस जांच टीम को शुरुआती पूछताछ में पता चला है कि तीनों आरोपी युवक आपस में दोस्त व नशेड़ी हैं। स्मैक जैसे महंगे नशे का सेवन करते हैं। मंहगा नशा का शोक पूरा करने को वाहनों की चोरियां करने की योजना बनाई। जांच टीम पांवटा व माजरा में पहले हो चुकी दोपहिया वाहन चोरियों के बारे में भी आरोपियों से कड़ी पूछताछ कर रही है।
उधर, डीएसपी पांवटा प्रमोद चौहान ने पुष्टि की है। बाइक चोरी के 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनसे चोरी हुई बाइक बरामद भी हो गई है। अदालत में पेश करने पर आरोपियों को पुलिस रिमांड मिला है। आरोपियों से क्षेत्र में हुई अन्य वाहन चोरियों के बारे में भी पूछताछ की जा रही है।