अमर उजाला ब्यूरो
राजगढ़ (सिरमौर)।
राजगढ़ पुलिस ने चोरी के एक मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए लोगों से पुलिस ने चोरी का सामान भी बरामद कर लिया है। बता दें कि सोमवार को अज्ञात चोरों ने राजगढ़-सोलन मार्ग स्थित विजेंद्र की बेल्डिंग की दुकान के ताले तोड़ दिए थे। चोरों ने ताले तोड़कर दुकान में रखा कुछ सामान चुरा लिया था जिसकी शिकायत दुकानदार ने राजगढ़ थाने में करवाई थी।
इसके बाद से ही पुलिस चोरी का सुराग लगाने में जुटी थी। जल्द ही पुलिस को इसमें कामयाबी भी मिल गई। पुलिस ने शुक्रवार को राजगढ़ के वार्ड नंबर 6 के निवासी राजीव कुमार व रामपाल को चोरी के आरोप में गिरफ्तार किया। उनसे पूछताछ के बाद पुलिस ने चोरी की गई दो मशीनें भी बरामद कर ली हैं। चोरी का सामान इन दोनों ने अपने घर से ऊपर जंगल में छिपा कर रखा था।
डीएसपी दुष्यंत सरपाल ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि चोरी के आरोप में दो लोगों को पकड़ा है। चोरी का सामान भी बरामद कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि दोनों चोरों को अदालत पेश किया था जहां से उन्हें दो दिनों के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस इस बात की जांच करेगी कि कहीं अन्य चोरियों में भी ये शामिल तो नहीं।