अमर उजाला ब्यूरो
नाहन (सिरमौर)।
सिरमौर पुलिस की विशेष अन्वेषण शाखा ने बनकला पंचायत में एक व्यक्ति के घर से भारी मात्रा में अवैध नशा पदार्थ बरामद किया है। इस मामले में पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मादक पदार्थ अधिनियम के तहत केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
जिला मुख्यालय नाहन से करीब 12 किलोमीटर की दूरी पर स्थित बनकला में एक व्यक्ति के घर से पुलिस ने 4.260 किलोग्राम चूरा पोस्त बरामद किया। बताया जा रहा है कि आरोपी पुलिस की भनक लगते ही मौके से फरार हो गया था। इसके बाद पुलिस दल ने सरकारी गवाहों को साथ लेकर कार्रवाई अमल में लाई। घर से नशा बरामद करने के बाद पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार सिरमौर पुलिस की विशेष अन्वेषण शाखा को सूचना मिली थी कि बनकला में एक व्यक्ति ने अपने रिहायशी घर से अवैध नशे की खेप बेचने का धंधा चला रखा है। पुख्ता सूचना के मुताबिक एसआईयू की टीम ने बनकला में रिशिपाल के घर की तलाशी शुरू कर दी। इसी दौरान टीम को घर के भीतर से पॉलिथीन के लिफाफे में चूरा पोस्त बरामद किया। पुलिस ने घर के साथ लगते गेहूं की खेतों की तलाशी ली तो एक ड्रम के भीतर रखे प्लास्टिक के पैकेट से भी चूरा पोस्त(भुक्की) बरामद हुई। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने कुल 4 किलो 260 ग्राम चूरा पोस्त पकड़ी।
उधर, एएसपी सिरमौर वीरेंद्र ठाकुर ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि आरोपी के खिलाफ पुलिस थाना नाहन में मामला दर्ज किया गया है। आरोपी के खिलाफ मिली शिकायत के बाद एसआईयू ने कार्रवाई की है। उन्होंने बताया कि पुलिस की भनक लगते ही आरोपी मौके से फरार हो गया। आरोपी को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। मामले में पुलिस आगामी कार्रवाई में जुटी है।