पांवटा साहिब (सिरमौर)। सिंघपुरा पुलिस चौकी की टीम ने वीरवार को धमौन के जंगलों में छापामारी कर अवैध कच्ची शराब की 5 चलती भट्ठियां, 1000 लीटर लाहन और 20 लीटर तैयार शराब मौके पर नष्ट कर दी। अवैध शराब माफिया के खिलाफ देर शाम तक खबर लिखे जाने तक छापामारी जारी थी। इससे शराब माफिया में हड़कंप मच गया है।
वीरवार को सिंघपुरा चौकी प्रभारी एएसआई चेतन चौहान के नेतृत्व में छापेमारी की गई। टीम में शामिल मुख्य आरक्षी सुखराम, वेद प्रकाश, अजय कुमार समेत टीम ने अहम सुराग मिलने पर धमौन के जंगलों का रुख किया। इस क्षेत्र में अवैध शराब की भट्ठियां चलाए जाने की पुख्ता सूचना मिली थी। टीम ने पुरुवाला, अंबूवाला से 5 किमी दूर जंगल की तरफ रुख किया। धमौण जंगल के खड्ड में कच्ची शराब की चलती भट्ठियां देखी गईं। दो अलग-अलग खड्डों में कच्ची शराब की कुल 5 भट्ठियां मिलीं। एक खड्ड में दो ड्रमों में 200-200 लीटर लाहन और 3 भट्ठियों में 200-200 लीटर लाहन के ड्रम मिले। एक बर्तन में 20 लीटर कच्ची अवैध शराब भी बरामद हुई। पुलिस टीम ने मौके पर ही लाहन, शराब की चल रही भट्ठियों व तैयार शराब को नष्ट कर दिया। मौके पर काफी दूर-दूर तक पुलिस तलाशी अभियान चलाती रही। लेकिन, कोई व्यक्ति आसपास नहीं मिला। इससे आशंका जताई जा रही है कि मोबाइल व अपने सूत्रों से पुलिस टीम के जंगल की तरफ बढ़ने की सूचना पाकर शराब माफिया फरार हो गया।
उधर, डीएसपी पांवटा प्रमोद चौहान ने इसकी पुष्टि की है। डीएसपी ने कहा कि सिंघपुरा पुलिस चौकी प्रभारी चेतन चौहान के नेतृत्व में धमौन जंगल में छापेमारी की गई। अवैध शराब की 5 भट्ठियां, एक हजार लीटर लाहन व 20 लीटर तैयार कच्ची शराब को टीम ने नष्ट कर दिया है।