अमर उजाला ब्यूरो
पांवटा साहिब (सिरमौर)। पांवटा के एक युवक को नौकरी देने का झांसा देकर शातिर हजारों रुपये की नकदी, मोबाइल और लैपटॉप लेकर चंपत हो गया। एक शातिर ने युवक को नौकरी का झांसा देकर पहले मीठी-मीठी बातों में फंसा लिया। इसके बाद वह युवक के साथ एक माह तक उसके कमरे में रहा। पीड़ित युवक ने पांवटा पुलिस थाना में इसकी लिखित शिकायत की है। पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद इस मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
गिरिपार के ग्राम पंचायत मिल्लाह निवासी डिंपल ठाकुर ने शिकायत की है कि वह पिछले काफी अरसे से पांवटा में कार्य कर रहा है। पांवटा के देवीनगर वार्ड-9 में उसने एक कमरा किराये पर ले रखा था। कुछ समय पहले विश्वकर्मा मंदिर परिसर में किराये के कमरे में रहने वाले एक व्यक्ति (45) से उसकी मुलाकात हो गई। उस व्यक्ति ने उसे बताया कि वह पांवटा में ट्यूशन पढ़ाने के साथ ही एक एनजीओ से जुड़ा हुआ है।
शातिर ने डिंपल को एनजीओ में नौकरी दिलवाने का झांसा दिया। इसके बाद विश्वकर्मा मंदिर परिसर में किराये का कमरा छोड़ साथ दिया। एक महीने से वह एक ही कमरे में रह रहे थे। कमरे की एक चाबी भी उसके पास थी। शनिवार को उसका रूम पार्टनर ने उसे कहा कि मेरा मोबाइल नहीं चल रहा। उसे कुछ कॉल करनी है। तुम ड्यूटी पर जा रहे हो तो मोबाइल यहां छोड़ जाना।
डिंपल ने कहा कि 19 अगस्त को जब वह ड्यूटी करके वापस शाम को कमरे में पहुंचा तो देखा की कमरे में रखे अपना लैपटॉप, बेग, डब्बल सिम वाला मोबाइल, नए खरीदे जूते, कपड़े, ट्रंक में रखे 15 हजार की नकद राशि गायब थी। कमरे में सब कुछ बिखरा हुआ था। अब उसका मोबाइल भी बंद चल रहा है। उसने पुलिस को इसकी शिकायत दी है। वहीं आरोपी व्यक्ति की विश्वकर्मा मंदिर परिसर में जमा करवाई आईडी भी सौंप दी है।
उधर, डीएसपी पांवटा प्रमोद चौहान ने लिखित शिकायत मिलने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि मामले की छानबीन की जा रही है।
---नौकरी का झांसा देकर उड़ाई नकदी, लैपटॉप और मोबाइल
देवीनगर के वार्ड-9 में एक प्रवासी शातिर ने लगाया चूना
पीड़ित युवक ने पांवटा पुलिस थाना में दी लिखित शिकायत
...