अमर उजाला ब्यूरो
पांवटा साहिब (सिरमौर)।
माजरा के समीप नहर में नहाने उतरे हरियाणा के 38 वर्षीय व्यक्ति की डूबने से मौत हो गई है। पुुलिस ने नहर से शव निकाल कर जांच शुरू कर दी है। रविवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
जानकारी के अनुसार शनिवार को हरियाणा के यमुनानगर के ग्राम भरेड़ी जटावाला निवासी संजय कुमार पुत्र श्याम चंद माजरा विवाह समारोह में पहुंचा था। गर्मी ज्यादा होने के चलते वह नहर की तरफ चला गया। नहर में नहाने उतरने के दौरान साइफन में फंसने से उसकी मौत हो गई। विवाह में पहुंचे संजय कुमार के एक अन्य परिजन व रिश्तेदारों को जब काफी समय तक विवाह समारोह में वह नजर नहीं आया तो पुलिस थाने में गुमशुदगी की शिकायत करने पहुंचे।
इसी दौरान कुछ ग्रामीणों ने युवक को नहर में देखा जिसकी सूचना पुलिस थाना माजरा को दी। इसके बाद यमुनानगर से पहुंचे संजय के परिजन व पुलिस थाने से टीम मौके पर पहुंची। परिजनों ने शव की पहचान कर ली है।
उधर, डीएसपी पांवटा प्रमोद चौहान ने पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि भरेड़ी जटावाली निवासी संजय माजरा एक विवाह समारोह में पहुंचा था। शनिवार शाम को नहर में डूबने से व्यक्ति की मौत हो गई। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। माजरा पुलिस टीम द्वारा मामले की जांच की जा रही है।