अमर उजाला ब्यूरो
पांवटा साहिब (सिरमौर)। पांवटा नगर परिषद कमेटी के वार्ड-10 देवीनगर से विगत रात एक बाइक चोरी हो गई। इसकी शिकायत पांवटा थाने में करवा दी गई। पुलिस व बाइक मालिक ने आसपास क्षेत्र में तलाश शुरू कर दी। चोरी हुई बाइक पांवटा के निहालगढ़ जंगल के समीप खड़ी मिली। हालांकि, चोरों ने इसकी नंबर प्लेट तोड़ने मरोड़ने के प्रयास किए हैं।
पांवटा के देवीनगर वार्ड-10 निवासी ललित मोहन पांडे की बाइक घर के बाहर से चोरी हो गई। एचपी-17 सी 5647 नंबर बाइक की पहले खुद तलाश की। इसके बाद पुलिस थाने में शिकायत दर्ज करवा दी। पुलिस व बाइक मालिक ने मिल कर तलाश शुरू की। इस बीच सूचना मिली की, एक लावारिस बाइक निहालगढ़ के समीप जंगल में खड़ी है। मौके पर पहुंची पुलिस जांच टीम व बाइक मालिक ने पहचान कर ली है। चोरी की गई बाइक के एक तरफ नंबर प्लेट को मरोड़ने की कोशिश की गई है। पुलिस ने बाइक को कब्जे में लेकर आरोपी चोर की तलाश शुरू कर दी है।
उधर, थाना प्रभारी पांवटा देवानंद गुलेरिया ने पुष्टि की है। एसएचओ ने कहा कि देवीनगर से चोरी बाइक बरामद हो गई है। आरोपी चोर को तलाश की जा रही है।