अमर उजाला ब्यूरो
ददाहू (सिरमौर)। धारटीधार क्षेत्र की बिरला पंचायत के मंधाराघाट में शराब का ठेका खोलने का विरोध कर रही महिलाओं व अन्य लोगों के खिलाफ पुलिस ने विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है। पुलिस ने महिलाओं द्वारा शराब के ठेके का शेड तोड़ने, रास्ता रोकने, धमकियां देने, नुकसान पहुंचाने, जबरन अंदर घुसने आदि आरोपों के चलते 6 धाराओं में 80 लोगों के विरुद्ध नाहन थाने में मुकदमा दर्ज किया है।
मंधाराघाट में आबकारी एवं कराधान विभाग ने शराब का ठेका खोलने की अनुमति दी है जिसकी भनक महिलाओं को लगते ही उन्होंने क्षेत्र में शराब का ठेका खोले जाने का विरोध शुरू कर दिया है। महिलाओं ने शराब के ठेके का न केवल रास्ता बंद किया बल्कि नेशनल हाइवे को भी बंद कर दिया था जिसे खुलवाने के लिए प्रशासन व पुलिस को भारी मशक्त करनी पड़ी थी।
शनिवार देर रात को भी महिलाएं रात 10 बजे तक मौका स्थल पर डटी रहीं। इस दौरान महिलाओं ने 6 घंटे तक जाम लगाए रखा। इसके बाद विभाग को मजबूरन रात को शराब का शेड उठाना पड़ा।
मामले में प्रशासन ने जहां आबकारी एवं कराधान विभाग के साथ सोमवार को बैठक रखी है। वहीं अब पुलिस ने भी ठेके का विरोध कर रही महिलाओं के विरुद्ध मामला दर्ज कर लिया है। आने वाले दिनों में यह मामला और तुल पकड़ सकता है क्योंकि महिलाएं दो टूक लहजे में वहां शराब का ठेका किसी भी सूरत में न खुलने की बात कह चुकी हैं।
उधर, नायब तहसीलदार ददाहू जसमेर सिंह ने बताया कि सोमवार को प्रशासन व आबकारी एवं कराधान विभाग की बैठक होगी जिसमें ठेके को लेकर कोई फैसला लिया जाएगा। वहीं नाहन थाना सदर के एसएचओ तिलकराज शांडिल ने बताया कि मामले में 80 महिला व पुरुषों के विरुद्ध विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पूछताछ के दौरान यह संख्या बढ़ भी सकती है।