थाना क्षेत्र एवं नाहन पंचायत के गांव रोड़ावाली में सोमवार शाम को जमीनी विवाद को लेकर परिवार के दो गुटों के बीच खूनी संघर्ष हुआ, जिसमें एक गुट के आधा दर्जन पुरुषों ने दूसरे गुट की तीन महिलाओं को लोहे की राड एवं डंडों से पीटकर लहूलुहान कर दिया। एक महिला को गंभीर हालत में पीजीआई रेफर किया गया है। जबकि अन्य दो महिलाएं नाहन अस्पताल में उपचाराधीन हैं।
हैरानी की बात है यह खूनी संघर्ष आधा दर्जन पुलिस जवानों के सामने हुआ, क्योंकि एक पक्ष ने मारपीट की आशंका को देखते हुए पहले ही पुलिस को अवगत करवा दिया था। उसके बावजूद पुलिस टीम ने बीच बचाव नहीं किया।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार मारपीट करने वाले आरोपियों में परिवार के ताया चुहड़ सिंह, उसका बेटा मोहन सिंह, बलबीर सिंह, सतपाल, विशाल एवं हरबंस ने चाचा के परिवार की महिला राजेंद्र सिंह की पत्नी परमजीत (31) एवं उसकी दो बहने रीना रानी एवं पूनम देवी को डंडों एवं राड से पीटा गया। इस पर उन्हें गंभीर हालत में नाहन अस्पताल भर्ती किया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में परमजीत को पीजीआई रेफर कर दिया गया है।
राजेंद्र सिंह की दोनों बहनों ने मंगलवार को अमर उजाला को बताया कि वह अपने भाई राजेंद्र सिंह के लेंटर डालने को लेकर अपने ससुराल से माइके आई हुई थी। उनके ताया एवं उसको बेटों ने उन्हें बेरहमी से पीटा। जबकि पुलिस टीम मौके पर मौजूद थी जिस परिवार ने दबंगई दिखाई उनका एक बेटा सेना में है। जबकि एक सेना से सेवानिवृत्त है।
उधर थाना प्रभारी नाहन तिलक राज शांडिल ने पुष्टि करते हुए बताया कि रोड़ावाली गांव में हुई मारपीट मामले में दोनों पक्षों की ओर से क्रास एफआईआर दर्ज की गई है। करीब एक दर्जन नामजद लोगों को दोनों पक्षों की ओर से आरोपी बनाया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।