संगड़ाह (सिरमौर)। सिरमौर पुलिस की विशेष अन्वेषण इकाई नाहन ने संगड़ाह उपमंडल में एक व्यक्ति को ढाई किलोग्राम चरस के साथ गिरफ्तार किया। इस मामले में पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार एसआईयू नाहन ने हरिपुरधार से पांच किलोमीटर दूर संगड़ाह सड़क पर भवेरी के समीप कार्रवाई अमल में लाई। एसआईयू के निरीक्षक सर्वजीत सिंह के नेतृत्व में टीम नशीले पदार्थों की धरपकड़ के लिए संगड़ाह और हरिपुरधार क्षेत्र में गश्त पर तैनात थी।
इस दौरान जब पुलिस टीम गश्त करती हुई भवेरी में मौजूद थी तो इसी बीच संगड़ाह की ओर से एक व्यक्ति हाथ में एक कैरी बैग लेकर पैदल हरिपुरधार की ओर आ रहा था, जो पुलिस के वाहन को देखकर अचानक पीछे मुड़ गया।
युवक के पीछे मुड़ते ही टीम को शक हुआ और उसे रोककर नाम और पता पूछा। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना नाम केदार सिंह (33) निवासी गांव और डाकघर जरवा, तहसील शिलाई बताया। जब उसके कैरी बैग की तलाशी ली गई तो 2.518 किग्रा. चरस बरामद हुई। इस पर पुलिस ने केदार सिंह को तुरंत गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ पुलिस थाना संगड़ाह में एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है। मामले की पुष्टि पुलिस अधीक्षक सिरमौर डॉ. केसी शर्मा ने की है। उन्होंने बताया कि पुलिस मामले में आगामी कार्रवाई कर रही है। आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।
.................