सिरमौर जिला पांवटा साहिब में खारा के जंगल में अवैध शराब की भट्ठियां नष्ट करते वन कर्मी।
- फोटो : NAHAN
पांवटा साहिब (सिरमौर)। पांवटा साहिब के तहत खारा के जंगल में एक बार फिर से वन विभाग की टीम ने अवैध शराब माफिया के खिलाफ कार्रवाई की है। इस दौरान जंगल में अवैध शराब की दो चलती भट्ठियों का नष्ट किया गया। विभागीय टीम की कार्रवाई के दौरान पांच ड्रमों में रखी करीब 950 लीटर लाहन और तैयार की गई 30 लीटर कच्ची शराब को भी मौके पर ही नष्ट किया गया।
हालांकि शराब माफिया टीम के मौके पर पहुंचने से पहले ही फरार हो चुके थे।
मिली जानकारी के अनुसार वन परिक्षेत्राधिकारी सुप्रभात ठाकुर के नेतृत्व में वन मंडल की टीम ने बुधवार को कार्रवाई की है। टीम में बीओ सुमंत कुमार, वन रक्षक रणवीर सिंह और वन कर्मी हरिचंद शामिल रहे।
वन विभागीय टीम ने अवैध शराब के लिए संवेदनशील क्षेत्रों में छापामारी की। इस दौरान मौके पर अवैध शराब की 2 चलती भट्ठियां मिलीं। इसमें 30 लीटर कच्ची शराब भी तैयार की गई थी। पांच ड्रमों में रखी गई करीब 950 लीटर लाहन को भी मौके पर ही नष्ट कर दिया गया है।
उधर, डीएफओ पांवटा साहिब कुनाल अंग्रीश ने पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि खारा के वन क्षेत्रों में फिर से अवैध शराब तैयार करने की सूचना मिल रही थी। इसके बाद वन परिक्षेत्राधिकारी की टीम ने 2 चलती भट्ठियां, 30 लीटर शराब और 950 लीटर लाहन को मौके पर ही नष्ट कर दिया है। अवैध शराब के खिलाफ इस तरह की कार्रवाई जारी रहेगी।